NEET UG 2023: मणिपुर में हिंसा के चलते स्थगित हुई नीट की परीक्षा, NTA जल्द घोषित करेगा नई तारीख

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मणिपुर. मणिपुर में आरक्षण विवाद को लेकर भड़की हिंसा के बाद रविवार (07 मई) को होने वाली मेडिकल प्रवेश परीक्षा स्थगित कर दी गई है. राष्ट्रीय प्रवेश सह पात्रता परीक्षा (NEET) का आयोजन करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने हिंसा प्रभावित मणिपुर में उन उम्मीदवारों के लिए परीक्षा स्थगित कर दी है, जिनके यहां परीक्षा केंद्र हैं. परीक्षा को स्थगित करने के बारे में बात करते हुए, राज्य मंत्री (एमओएस) डॉ राजकुमार रंजन सिंह ने कहा कि उन्होंने एनटीए को पत्र लिखकर मणिपुर में स्थिति के मद्देनजर परीक्षा को “पुनर्निर्धारित करने की संभावना तलाशने” के लिए कहा था.

मंत्री के अनुरोध पर स्थगित हुई परीक्षा
केंद्रीय मंत्री डॉ राजकुमार रंजन सिंह ने कहा, ‘मैंने मणिपुर में हिंसा के हालातों को लेकर उनसे वर्तमान स्थिति में परीक्षा स्थगित करने का अनुरोध किया था. राज्य में इंटरनेट सेवा पर रोक लगी है. ऐसी स्थिति में विद्यार्थी परीक्षा में नहीं बैठ सकते. परीक्षा की नई तारीख जल्द तय की जाएगी. मणिपुर में दो केंद्रों पर 5751 उम्मीदवारों को परीक्षा देने पहुंचना था.

सुधर रहे हैं मणिपुर में हालात
मौजूदा स्थिति के बारे में बोलते हुए, सिंह ने कहा, “अब स्थिति में सुधार हो रहा है. हिंसा को रोकने में सहायता के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बल और अन्य सुरक्षा एजेंसी पहले ही मणिपुर पहुंच चुकी हैं. उन्होंने नियंत्रण करना शुरू कर दिया है, भीड़ की सभी अवांछित स्थिति पहले से ही नियंत्रण में है.

हिंसा के बाद बिगड़े थे हालात
एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जिन उम्मीदवारों का परीक्षा केंद्र मणिपुर में है, उनके लिए नई तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी. इससे पहले दिन में, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने एनटीए को मणिपुर में मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए परीक्षा स्थगित करने के लिए पत्र लिखा था. मणिपुर में बहुसंख्यक मेइती समुदाय द्वारा उसे अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिए जाने की मांग के विरोध में ‘ऑल ट्राइबल स्टूडेंट यूनियन मणिपुर’ (एटीएसयूएम) की ओर से बुधवार को आयोजित ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के दौरान चुराचांदपुर जिले के तोरबंग क्षेत्र में हिंसा भड़क गई थी.

अगली तारीख का ऐलान जल्द
गौरतलब है कि नीट परीक्षा सभी उम्मीदवारों के लिए रविवार (07 मई) को होने वाली थी. हालांकि, मणिपुर में वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए राज्य में परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी. स्थगित परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी.

(भाषा के इनपुट के साथ)

Tags: Manipur News, NEET UG 2023, New Delhi news, NTA, Violence

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें