
सुनील रजक/शिवपुरी: माधव नेशनल पार्क में अक्सर तेंदुए का दीदार हो जाता है. नरवर सतनवाड़ा मार्ग भी एक ऐसी जगह है, जहां अक्सर तेंदुए देखने को मिलते हैं. कहीं तेंदुए सड़क पर विचरण करते नजर आते हैं तो कहीं सड़क किनारे शिकार की तलाश में बैठे रहते हैं. अक्सर तेंदुए रात्रि के अंधेरे में देखे गए हैं.
रात में तेंदुए जंगल से निकल कर सड़क पर विचरण करते नजर आने लगते हैं. लेकिन इस बार तेंदुआ दिन में ही नजर आया. दिन में ही तेंदुआ सड़क किनारे बाउंड्री वॉल पर बैठा दिखाई दिया. ऐसे में राहगीर ने जब तेंदुए को देखा तो यह अद्भुत नजारा कैमरे में कैद कर लिया. अब यह वीडियो वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार नरवर के भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष तुलसी कुशवाह अपने परिवार के साथ शिवपुरी से नरवर कार से लौट रहे थे. इसी दौरान जब वह मड़ीखेड़ा अटल सागर बांध के आगे पहुंचे तो कुछ ही दूरी के बाद सड़क किनारे उन्हें फॉरेस्ट की बाउंड्री वॉल पर एक तेंदुआ दिखाई दिया. जैसे ही उन्होंने तेंदुए को देखा तो अपने मोबाइल में दृश्य को कैद कर लिया.
यहां 100 से अधिक तेंदुए
नरवर सतनवाड़ा रोड पर कई बार तेंदुओं को देखा जाता है. लेकिन अक्सर तेंदुए यहां पर रात के अंधेरे के बाद ही सड़क पर विचरण करने निकलते हैं और सड़क किनारे दिखाई देते हैं, लेकिन अब दोपहर में भी तेंदुए का दीदार हो जाता है. ऐसे में लगातार तेंदुए की संख्या बढ़ती नजर आ रही है. माधव नेशनल पार्क के रिकॉर्ड के अनुसार पार्क में तेंदुए की संख्या 100 से अधिक है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Leopard, Mp news, Shivpuri News, Wildlife news in hindi
FIRST PUBLISHED : May 06, 2023, 16:42 IST








