
गुलशन सिंह/बक्सर.जिले में सीएनजी गैस से चलने वाले वाहनों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है. हाल के दिनों जितनी भी नई गाड़ियां आ रही है, अधिकतर वाहनों में कंपनी की ओर से ही पेट्रोल और डीजल के साथ सीएनजी का ऑप्शन दिया जा रहा है. वहीं 18 लाख से अधिक की आबादी वाले इस जिले में अब तक एक भी सीएनजी फिलिंग स्टेशन नहीं था. आलम यह है कि वाहन मालिकों को सीएनजी की सुविधा पाने के लिए उत्तरप्रदेश के गाजीपुर या फिर बलिया जाना पड़ता था.
हालांकि महंगे पेट्रोल और डीजल की मार झेल रहे लोगों को अब सीएनजी की सुविधा बक्सर में ही मिलेगी. बता दें कि सदर प्रखंड के दलसागर में आरा-बक्सर फोरलेन पर स्थित इंडियन ऑयल द्वारा संचालित ऑटोमोबाइल फ्यूल सर्विस स्टेशन में सीएनजी गैस की सुविधा बहुत जल्द शुरू हो जाएगी. जिले में सीएनजी गैस की आपूर्ति के लिए इस पेट्रोल पंप पर सीएनजी फिलिंग स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है.
अगले माह तक शुरू हो जाएगी सीएनजी की सुविधा
ऑटोमोबाइल सर्विस स्टेशन दलसागर के प्रबंधक अब्दुल नईम ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि पेट्रोल पंप पर पिछले 4 महीनों से सीएनजी फिलिंग स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू है. जिसका लगभग 75 से 80 फीसदी तक कार्य पूरे कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि कार्यो का जायजा लेने के लिए इंडियन ऑयल के कई बड़े अधिकारी लगातार यहां आते रहते हैं. उन्होंने बताया कि सीएनजी फिलिंग स्टेशन भी ऑटोमोबाइल फ्यूल सर्विस स्टेशन के मालिक कृष्ण कुमार सर्राफ ही बनवा रहे हैं. उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है. उम्मीद है कि अगले माह के पहले हफ्ते से सीएनजी गैस का वितरण शुरू हो जाएगा. जिससे बक्सर वासी भी किफायती तथा कम प्रदूषण वाले सीएनजी वाहनों का उपयोग कर सकेंगे.
सीएनजी से गाड़ियों का बढ़ेगा डेढ़ गुना माइलेज
प्रबंधक अब्दुल नईम नेबताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के साथ-साथ सरकार भी आम जनता से सीएनजी वाहनों का उपयोग करने की अपील कर रही है. उन्होंने बताया कि सीएनजी एक स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल ईधन है. इसके उपयोग से वाहन के इंजन की क्षमता बढ़ती है. उन्होंने बताया कि सीएनजी फिट वाहनों की संख्या जिले में लगभग 50 के आस-पास है. लेकिन यहां स्टेशन खुलने से जिले में सीएनजी वाहनों का प्रचलन भी बढ़ने की उम्मीद है और लोगों को महंगे पेट्रोल और डीजल से भी राहत मिलेगी. यहां 40 फीसदी सस्ते दर पर सीएनजी का वितरण किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इसके उपयोग से वाहन का माइलेज डीजल और पेट्रोल की तुलना में लगभग डेढ़ गुना अधिक होता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Buxar news, CNG
FIRST PUBLISHED : May 06, 2023, 16:05 IST








