मेडिकल कॉलेज कौशाम्बी में विश्व पोलियो दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि बनाए रखने के लिए सतर्कता और नियमित टीकाकरण जरूरी

कौशाम्बी। स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कौशाम्बी में विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पोलियो उन्मूलन, नियमित टीकाकरण तथा प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) हरिओम कुमार सिंह ने कहा कि भारत ने वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त देश का दर्जा प्राप्त किया था। इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्कता, नियमित टीकाकरण और जनजागरूकता आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित समय पर पोलियो की सभी खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा से वंचित न रहे।


कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि पोलियो एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जिससे टीकाकरण के माध्यम से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण, पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय भागीदारी और सामुदायिक सहयोग पोलियो उन्मूलन के प्रमुख आधार हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी पोलियो उन्मूलन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
डॉ. सुफिया और डॉ. निखिल ने पोलियो से बचाव के लिए दिए जाने वाले दोनों प्रकार के टीकों—ओरल पोलियो वैक्सीन (ओपीवी) और इनएक्टिवेटेड पोलियो वैक्सीन (आईपीवी)—के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीकाकरण बच्चों को पोलियो संक्रमण और उससे होने वाली गंभीर शारीरिक दिव्यांगता से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में सह-आचार्य डॉ. रविरंजन सिंह, सहायक आचार्य डॉ. नंदिनी राघव, क्वालिटी मैनेजर डॉ. शुऐब सिद्दीकी सहित अन्य संकाय सदस्य, चिकित्साधिकारी, सीनियर रेजीडेंट, जूनियर रेजीडेंट और इंटर्न उपस्थित रहे।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें