कौशाम्बी |
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ‘मिशन शक्ति अभियान फेज-6’ के तहत कौशाम्बी में एक मानवीय और संवेदनशील पहल देखने को मिली। अपर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी अमिता सिंह एवं क्षेत्राधिकारी मंझनपुर सौरभ सामंत द्वारा महिला पुलिस कर्मियों के साथ ओसा स्थित वृद्धजन आवास में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान अधिकारियों ने वहाँ निवास कर रहे वृद्धजनों का कुशलक्षेम जाना, उन्हें फल वितरित किए तथा वृद्ध महिलाओं को साड़ियाँ भेंट कर सम्मान और अपनाव का भाव प्रकट किया।
बुजुर्गों के साथ किया आत्मीय संवाद
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी ने वृद्धजन आवास में रह रहे बुजुर्गों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनका हाल-चाल जाना। अधिकारियों ने उनके स्वास्थ्य, रह-सहन और अन्य आवश्यक जरूरतों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विशेष रूप से वृद्ध महिलाओं से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी गई और उन्हें उपहार स्वरूप फल व साड़ी वितरित की गई।

व्यवस्थाओं का लिया जायजा और बांटी खुशियाँ
अधिकारियों ने वृद्धजन आवास में उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया और बुजुर्गों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों के साथ बहुमूल्य समय व्यतीत किया, उनकी बातें सुनीं तथा उनके प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और पूर्ण सहयोग की भावना प्रदर्शित की।
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों के साथ खुशियाँ साझा करना, उन्हें समाज में सम्मान व अपनाव का अहसास कराना तथा समाज में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भाव को प्रोत्साहित करना रहा।
मिशन शक्ति के तहत लगातार हो रहे आयोजन

उल्लेखनीय है कि ‘मिशन शक्ति अभियान फेज-6’ के अंतर्गत कौशाम्बी पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद व संवेदनशील वर्गों के प्रति सहयोग, सम्मान और जागरूकता की भावना को बढ़ावा देने के लिए लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।








