कौशाम्बी—
महेवाघाट थाना क्षेत्र के पौर काशीरामपुर गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले किशोर ने बगीचे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से भट्ठा परिसर और परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक चित्रकूट जनपद के हत्ता गांव निवासी रजनीश (16) पुत्र नोखेलाल पौर काशीरामपुर गांव में संचालित केबीएफ भट्ठे पर मजदूरी करता था। रविवार सुबह उसका शव भट्ठे के समीप स्थित एक बगीचे में फांसी के फंदे से लटकता मिला।घटना की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई परिजनों के अनुसार रजनीश तीन बहनों में इकलौता भाई था। उसकी बड़ी बहन उर्मिला (22) की शादी हो चुकी है, जबकि नेहा (18) और निर्मला (13) अभी अविवाहित हैं। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। भट्ठे में साथ काम करने वाले मजदूरों का कहना है कि रजनीश का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले युवती के परिजनों ने उसे धमकाया था, जिसके बाद से वह काफी डरा और परेशान रहने लगा था। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक तनाव में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।







