कौशाम्बी
कौशाम्बी पुलिस ने सीईआईआर (सेन्ट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल चोरी, स्नेचिंग एवं गुमशुदगी की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई कर कुल 83 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
जनपद के सभी थानों की पुलिस टीम ने सर्विलांस व मैनुअल इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन ट्रैक किए। थानों पर नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटर व सीसीटीएनएस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर मोबाइलों की लोकेशन का पता लगाया गया।
बरामद मोबाइल फोन की पहचान कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को मंझनपुर पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बुधवार को लगभग 12:30 बजे पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार द्वारा सुपुर्द किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल एक केंद्रीकृत नागरिक पोर्टल है, जिसके माध्यम से चोरी, गुम या छीने गए मोबाइल फोन को ट्रैक किया जा सकता है। आमजन स्वयं ceir.gov.in वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं। प्राप्त प्रार्थना पत्रों को पोर्टल पर अपलोड कर देशभर में मोबाइल की ट्रैकिंग कर बरामदगी सुनिश्चित की जाती है।
सर्वाधिक मोबाइल बरामद करने वाले थानों में प्रथम स्थान थाना करारी (19 मोबाइल), द्वितीय स्थान थाना कोखराज (14 मोबाइल) और तृतीय स्थान थाना सराय अकिल (13 मोबाइल) रहा। उत्कृष्ट कार्य के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा 5000-5000 रुपये नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।







