कौशांबी में चार साल की बच्ची लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज

कौशांबी में चार साल की बच्ची लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज

कौशांबी जिले में एक मासूम बच्ची घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई। परिजनों की शिकायत को शुरुआती तौर पर गंभीरता से न लेने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। और अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश के लिए प्रशासन ने अब एनडीआरएफ की टीम भी लगा दी है।

कौशांबी कोतवाली क्षेत्र के हिसामबाद में उस वक्त हड़कंप मच गया जब चार वर्षीय दिवंशी नाम की बच्ची अपने घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई। बच्ची के पिता मुकेश जब नींद से जागे तो उन्होंने बच्ची को घर में न पाकर खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परेशान पिता थाने जा ही रहे थे कि रास्ते में उन्हें पुलिस मिल गई। जब उन्होंने अपनी आपबीती बताई तो पुलिस ने अनसुनी करते हुए सिर्फ इतना कहा कि बच्ची यमुना में डूब गई होगी, जाकर तलाश करो। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी राजेश सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची की गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज कराई और सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। पुलिस की लापरवाही सामने आने पर कोतवाल उर्मिला सिंह को निलंबित कर दिया गया है, वहीं केके यादव को चार्ज सौंपकर बच्ची की तलाश में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रयागराज से एनडीआरएफ की टीम और स्टीमर भी मौके पर मंगवाए गए हैं। साथ ही गांव में संभावित ठिकानों पर भी एक टीम द्वारा खोजबीन की जा रही है। कौशांबी पुलिस की लापरवाही ने एक पिता की उम्मीदों को झकझोर कर रख दिया है। हालांकि अब प्रशासन हरसंभव प्रयास में जुटा है कि बच्ची को जल्द से जल्द तलाशा जा सके। अब देखने वाली बात होगी कि दिवंशी सकुशल मिलती है या यह मामला किसी और बड़ी अनहोनी में तब्दील होता है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More