छापामारी में छेकवा घाट पर मिला अवैध खनन, चार वाहन सीज

कौशांबी
सरायअकिल थाने के छेकवा यमुना घाट पर डीएमओ अजीत कुमार पांडेय को अवैध खनन की खबर मिली। सूचना पर वह थानाध्यक्ष सरायअकिल विनीत सिंह व चौकी इंचार्ज कनैली हनुमान प्रसाद को लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके से चार ट्रैक्टर पकड़ा। इसमें तीन ट्रैक्टर से कारोबारी परिवहन कर रहे थे और जेसीबी से लोडिंग। अवैध खनन के आरोपी मौके से भाग निकले। डीएमओ की तहरीर पर सरायअकिल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
जिले के यमुना बालू घाटों पर बालू निकासी के लिए आवंटित पट्टे बारिश होने के चलते 28 जून को ही बंद हो गए थे। लिखापढ़ी में सभी कारोबारियों ने 30 जून को घाट बंद कर दिया। यमुना में बाढ़ न आने पर छेकवा गांव का एक व्यक्ति घाट बंद होते ही अवैध खनन में जुट गया। बताते हैं कि उसने अवैध खनन में तीन ट्रैक्टर परिवहन के लिए व एक लोडिंग के लिए लगाया था। कई दिनों से किए जा रहे अवैध खनन में वह अब तक सैकड़ों ट्रैक्टर बालू इलाके के ग्राम प्रधानों व जरूरतमंदों को बेच चुका है। इतना ही नहीं उसने घाट से महज पांच सौ मीटर दूरी पर लगभग 40 ट्रैक्टर बालू डम्प भी कर रखा है। डीएमओ ने अवैध खनन की बालू को सीज करते हुए लोडिंग व परिवहन में लगे चारों ट्रैक्टर को सरायअकिल थाने में सीज कर दिया। उधर अवैध खनन के आरोपी पुलिस को देख मौके से भाग निकले। डीएमओ की तहरीर पर सरायअकिल पुलिस ने अवैध खनन के आरोपी समेत ट्रैक्टर मालिकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More