
हाइलाइट्स
भारत ने 2011 में अपने घर में वनडे वर्ल्ड कप जीता था
धोनी ने पूरे टूर्नामेंट में अपनाया था ये टोटका
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) क्या अंधविश्वासी हैं? टीम इंडिया ने 2011 का वर्ल्ड कप क्या ‘टोटका’ की वजह से जीता था? पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने इस राज से पर्दा उठाया है. सहवाग ने धोनी की अनसुनी कहानी बताई है. सहवाग का कहना है कि 2011 के वर्ल्ड कप में तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक टोटका अपनाया था जो काम कर गया. भारत ने तब 28 साल बाद दूसरी बार वर्ल्ड कप पर कब्जा किया था. टीम इंडिया ने फाइनल में श्रीलंका को मात देकर अपने घर में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था.
वीरेंद्र सहवाग ने मंगलवार को आईसीसी के एक कार्यक्रम में स्टार स्पोर्ट्स पर कहा कि धोनी ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ खिचड़ी खाई थी. वीरू ने कहा कि इस टूर्नामेंट में धोनी अधिकतर मैचों में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पा रहे थे लेकिन जब भारतीय टीम जीत रही थी, उस दौरान उन्होंने खिचड़ी खाने का टोटका जारी रखा. बेशक माही ने अधिकांश मैचों में रन नहीं बनाए हों लेकिन फाइनल में उन्होंने गजब की बैटिंग की. माही ने नाबाद 91 रन की पारी खेलकर भारत को यादगार जीत दिलाई.
जसप्रीत बुमराह कब करेंगे वापसी? वर्ल्ड कप शेड्यूल जारी होने के बाद आया अपडेट, खेलेंगे प्रैक्टिस मैच
‘धोनी ने खिचड़ी का टोटका जारी रखा’
वीरेंद्र सहवाग ने कहा, ‘ हरेक का कुछ ना कुछ टोटका था. और हरेक खिलाड़ी उस टोटके को आजमा रहे थे. महेंद्र सिंह धोनी ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिचड़ी खाने का टोटका जारी रखा. वह कहते थे कि भले ही मैं रन नहीं बना रहा हूं लेकिन यह टोटका काम कर रहा है और हम जीत रहे हैं.’
सहवाग ने 380 रन बनाए थे
वीरेंद्र सहवाग ने 2011 के विश्व कप में टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. बेशक वह फाइनल में शून्य के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए थे बावजूद इसके उन्होंने टूर्नामेंट में एक शतक की मदद से कुल 380 रन बनाए थे. धोनी की कप्तानी में भारत ने आईसीसी के तीनों बड़ी ट्रॉफी अपने नाम की.
.
Tags: Ms dhoni, Virender sehwag
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 19:07 IST






