
शिमला. हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते सब्जियों के दामों में उछाल देखा जा रहा है. हिमाचल में टमाटर के दामों ने अब तक 100 रुपये का आंकड़ा नहीं छुआ है. लेकिन हालात ऐसे ही रहे तो जल्द टमाटर के रेट शतक लगाएंगे. बारिश और लैंडस्लाइड की वजह सप्लाई पर असर पड़ा है और आलम यह है कि 4 दिन में दाम दोगुने हो गए हैं.
जानकारी के अनुसार, शिमला में मंडी में टमाटर थोक दाम 60-70 रुपये किलो है. जबकि बाजार में यह 80 से 90 रुपये किलो बिक रहा है. मंडी जिले में थौक में एक क्रेट 1200 रुपये बिक रही है. जबकि चंद रोज पहले ये 500 से 600 रुपये बिक रही थी. यहां पर थोक में दाम दोगुने हुए हैं. हालांकि, बाजार में दाम दोगुने नहीं बढ़े हैं. यहां पर 60 रुपये किलो तक टमाटर बिक रहा है.
मंडी और सोलन में टमाटर उत्पादन
हिमाचल प्रदेश में मंडी के जिले के बल्ह और सोलन जिले में बड़े पैमाने पर टमाटर उगाया जाता है. मंडी के कटौला इलाके से भी टमाटर की सप्लाई होती है. लेकिन कटौला में तीन दिन लगातार भारी बारिश से सड़क मार्ग बंद था औऱ सप्लाई मार्केट तक नहीं पहुंची है. इसी तरह दूसरे इलाकों का हाल है. वहीं, मौसम बदलने की वजह से सब्जियां जल्दी खराब हो रही हैं.
चंडीगढ़ में 10 दिन में दोगुना हुए रेट
चंडीगढ़ और पंजाब में हिमाचल से सब्जियों की सप्लाई होती है. क्योंकि हिमाचल में भारी बारिश से सप्लाई बाधित हुई है और इस वजह से इन राज्यों में दाम बढ़े हैं. चंडीगढ़ में शहर की सबसे बड़ी सब्जी मंडी सेक्टर-26 में ज्यादातर सब्जियों की सप्लाई हिमाचल से होती है. कूल्लू से फूल गोभी, पत्ता गोभी, ब्रोकली, लाहौल से हरा मटर, कुल्लू-मनाली से टमाटर, बींस, पहाड़ी आलू और ऊना से पहाड़ी खीरा समेत अन्य सब्जियां यहां पहुंचती हैं.
आढ़ती बबली ने बताया कि बारिश की वजह से सब्जियां जल्दी खराब हो रही हैं और इसलिए दाम बढ़े हैं. दस दिन पहले टमाटर 15 से 20 रुपये किलो बिक रहा था, वहीं अब दाम 40 रुपये हो गए हैं. मंडी में भिंडी 60 रुपये, तोरी 50, घीया 40, अरबी 50, टिंडा 80, नींबू 120, हरी मिर्च 60 और फूल गोभी 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है.
.
Tags: Himachal pradesh, Shimla News Today, Tomato crosses Rs 80
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 12:34 IST






