हिमाचल में बारिशः सिरमौर में पंजाब रोडवेज की बस सड़क किनारे अटकी, 3 हाईवे बंद

नाहन. हिमाचल प्रदेश में सिरमौर भारी बारिश की वजह से एक बड़ा हादसा होने से बच गया.सिरमौर जिला में खैरी राजगढ़ सडक पर नैरबाग के पास हवा में पंजाब रोडवेज की बस लटक गई. सड़क पर लैंडस्लाइड के चलते बस को कम जगह होने के बावजूद निकालने की कोशिश की गई तो बस सड़क किनारे लटक गई. बताया जा रहा है कि बडू साहिब से भंटिडा यह पंजाब रोडवेज की बस जा रही थ. देर रात को इलाके में भारी बारिश हुई है और कई जगह लैंडस्लाइड हुई है. हालांकि, बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं.बस लटकने के कारण राजगढ़ खेरी नाहन सडक कुछ समय के लिए बंद हो गया था.

शिमला में संजौली में गाड़ियों पर गिरा मलबा
शिमला में संजौली में डिंगू बावड़ी के पास सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर मलबा गिरने से 5 गाड़ियां दब गई है. ढली टनल के साथ बन रही टनल का मलबा नीचे की तरफ आने से यह घटना हुई है. कालका शिमला हाईवे पर बारिश के चलते जगह जगह पत्थर गिर रहे हैं और ऐसे में यहां पर सफर खतरे से खाली नहीं है. वहीं, मंडी के पास पंडोह में लैंडस्लाइड के चलते हाईवे पर ट्रैफिक कुछ देर के लिए बाधित हो गया था. फिलहाल, हाईवे पर एकतरफा आवाजाही हो रही है.

इसी तरह मंडी से कटौला-कुल्लू मार्ग बंद हो गया है. यहां पर देर रात कटौला के पास लैंडस्लाइड से सड़क बंद हुई है. सरकाघाट-धर्मपुर मार्ग पर पारछू के पास लैंडस्लाइड हुआ है. यहां पर छोटी गाड़ियों की आवाजाही हो रही है. बड़ी गाड़ियों के लिए मार्ग को बहाल करने की कोशिश की जा रही है.

कहां कहां बारिश हुई
हिमाचल प्रदेश में बीती रात को शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू सहित कई इलाकों में भारी बारिश हुई है. पांच घंटे लगातार पानी बरसा है. इस वजह से नदी नाले ऊफान पर है. प्रशासन की तरफ से लोगों को यह एडवायजरी जारी की गई है कि वह नदी नालों के पास ना जाए. बता दें कि हिमाचल में अब तक मॉनसून की एंट्री नहीं हुई है और अभी से बारिश का दौर देखने को मिल रहा है.

Tags: Himachal pradesh, Shimla Monsoon, Weather Alert

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More