इंदौर घूमने आए हैं तो इस मंदिर में जरूर करें दर्शन, भक्तों के ठहरने की यहां उत्तम व्यवस्था


राहुल दवे/इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित प्रसिद्ध खजराना मंदिर में भगवान गणेश के दर्शनों के लिए आने वाले भक्तों और दर्शनार्थियों के साथ बाहर से आने वाले संतों और श्रद्धालुओं को अब ठहरने में कोई समस्या नहीं होगी. उन्हें अब शहर के महंगे होटलों और लॉज में नहीं रुकना पड़ेगा, बल्कि खजराना गणेश मंदिर परिसर में ही बनाये जा रहे आठ करोड़ से ज्यादा की लागत के नवीन भक्त सदन में भक्तों के ठहरने और रूकने के लिए उत्तम व्यवस्था रहेगी.

मंदिर के मुख्य पुजारी उमेश भट्ट ने बताया कि यहां नवीन भक्त सदन का निर्माण कार्य तेजी के साथ चल रहा है. ज्यादातर सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है. समझा जा रहा है कि गणेश चतुर्थी से पहले शहर के दानदाताओं के सहयोग से बन रहे चार मंजिला नवीन भक्त सदन का काम पूरा हो जाएगा. नए भवन में आधुनिक सुविधाओं वाले वातानुकूलित रूम भी बनाये जा रहे हैं, जहां शुल्क जमा करा कर भक्त आराम से रुक सकेंगे. भीतरी साज-सज्जा और सजाने का काम तेजी के साथ चल रहा है. कार्य की गति को देख कर माना जा रहा है कि बरसात के सीजन में काम पूरा कर गणेश चतुर्थी से पहले नवीन भक्त सदन का शुभारंभ किया जाएगा.

खजराना गणेश मंदिर में इन दिनों देर रात में भी नवीन भक्त सदन एवं प्रवचन हॉल का निर्माण कार्य चल रहा है जो अन्नक्षेत्र में भोजन शाला के ठीक पास में है. इस नवीन भक्त सदन में आधुनिक सुविधाओं वाले लगभग 100 कमरे बनाये जा रहे हैं. इसके पहले चरण का काम 80 प्रतिशत तक हो चुका है. खजराना गणेश मंदिर परिसर में ट्रस्ट के द्वारा बनाए जा रहे नवीन भक्त निवास जी प्लस थ्री यानी चार मंजिला एक दम भव्यता के साथ बनाया जा रहा है. यह कुछ माह में गणेश चतुर्थी से पहले आकार ले लेगा. वर्तमान में यहां तीन फ्लोर तक का काम पूरा हो गया है.

.

FIRST PUBLISHED : June 24, 2023, 10:00 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More