
Indian Railway : रेल और रेलवे स्टेशन से वास्ता लगभग हर किसी का ही पड़ता है. रेल हमारे यहां परिवहन का प्रमुख साधन है. आस्ट्रेलिया की जितनी आबादी है, उतने लोग हर दिन भारतीय रेलों में यात्रा करते हैं. भारतीय रेलवे अपने में एक पूरी दुनिया समेट हैं. यहां एक से बढ़कर एक शानदार रेलवे ट्रैक तो है ही, कुछ शानदार और अनोखे रेलवे स्टेशन भी है. कोई स्टेशन दो राज्यों में पड़ता है, तो किसी स्टेशन का नाम ही नहीं है. आपको यह जानकर हैरानी होगी कि हमारे देश में एक ही जगह दो रेलवे स्टेशन हैं. बीच में बिछी रेलवे पटरी ही इनके बीच की सीमा है. अगर कोई एक तरह से पटरी को लांघकर दूसरी तरफ चला जाए, तो वह दूसरे प्लेटफॉर्म पर नहीं बल्कि दूसरे स्टेशन पर पहुंच जाता है. ये दो रेलवे स्टेशन हैं, महाराष्ट्र में.
महाराष्ट्र के अमहदनगर जिले में श्रीरामपुर और बेलापुर ऐसे 2 रेलवे स्टेशन हैं, जो एक ही जगह पर स्थित हैं. पटरी के इस पार श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन (Shrirampur Railway Station) है तो वहीं उस पार बेलापुर रेलवे स्टेशन (Belapur Railway Station) है. श्रीरामपुर, बेलापुर के इस घालमेल में यहां नए आने यात्री काफी उलझन में पड़ जाते हैं और कइयों की तो ट्रेन ही छूट जाती है. बेलापुर रेलवे स्टेशन बहुत छोटा है. यह शिरडी रेलवे स्टेशन से तकरीबन 37 किमी की दूरी पर स्थित है.
ये भी पढ़ें- बिहार जाने वालों को मिलेगा भीड़भाड़ से छुटकारा, चलेगी 5 स्पेशल ट्रेनें, रेलवे ने बता दिया रूट और टाइम टेबल
यात्री पड़ जाते हैं उलझन में
आमतौर पर एक जगह पटरियों के दोनों और एक ही स्टेशन होता है. लेकिन, श्रीरामपुर व बेलापुर के पटरी के अगल-बगल में ही बने होने की वजह से यहां आने वाले नए यात्री उलझन में पड़ जाते हैं. कुछ ट्रेनें ऐसी हैं जो श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन पर आगमन करती हैं और यहीं से प्रस्थान भी करती हैं. ठीक इसी तरह, कुछ ऐसी ट्रेनें भी हैं जो बेलापुर पर आगमन करती हैं और यहीं से रवाना भी होती हैं. दोनों रेलवे स्टेशनों के आमने-सामने होने के कारण नए लोग इस बात को लेकर कन्फ्यूज हो जाते हैं कि उन्हें ट्रेन कहां से पकड़नी है. आमतौर पर वे गलत स्टेशन पर चले जाते हैं. जो यात्री थोड़ी लापरवाही कर जाते हैं, उनकी तो ट्रेन तक निकल जाती है.






