‘फेस्टिवल ऑफ डेमोक्रेसी आ रहा है…’G20 टूरिज्‍म की बैठक में PM ने लोकसभा चुनाव के लिए विश्‍व को किया आमंत्रित


नई दिल्‍ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने G-20 पर्यटन मंत्रियों की बैठक को वर्चुअल माध्‍यम से संबोधित किया. इस दौरान उन्‍होंने कहा कि मेजबानी के वक्‍त हम लगभग 200 से अधिक बैठकों का आयोजन देश में 100 अलग-अलग जगह पर करने जा रहे हैं. हमारा लक्ष्य हमारी सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और पर्यटन क्षेत्र के लिए विश्व स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करना है. पीएम ने कहा कि मुझे खुशी है कि हम सतत विकास लक्ष्यों की पूर्ति के लिए पर्यटन क्षेत्र की प्रासंगिकता को भी पहचान रहे हैं. पीएम ने अगले साल भारत में होने वाले लोकसभा चुनाव देखने के लिए भी जी20 देशों को आमंत्रित किया.

इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हम ग्रीन टूरिज्‍म, डिजिटलीकरण, कौशल विकास, पर्यटन MSME (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग) और गंतव्य प्रबंधन (डेस्टिनेशन मैनेजमेंट) के 5 परस्पर क्षेत्रों पर काम कर रहे हैं. यह हमारी प्राथमिकता को दर्शाता है. हमें इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी तकनीकों का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए.’

‘आतंकवाद बांटता है, लेकिन पर्यटन जोड़ता है’
पीएम ने आगे कहा कि वाराणसी में इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के बाद पर्यटकों की संख्या में 10 गुना की बढ़ोतरी हुई है. स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को देखने निर्माण के एक साल के अंदर 27 लाख पर्यटक पहुंचे हैं. बताया गया कि भारत द्वारा जी-20 की मेजबानी की थीम वसुधैव कुटुम्बकम् ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ रखी गई है. यह वैश्विक पर्यटन का आदर्श बन सकता है. पीएम बोले, ‘कहते हैं कि आतंकवाद बांटता है, लेकिन पर्यटन जोड़ता है. पर्यटन में सभी क्षेत्रों के लोगों को जोड़ने की क्षमता है, जिससे एक बेहतर समाज का निर्माण होता है.’

यह भी पढ़ें:- होली से डरा पाकिस्तान, यूनिवर्सिटी में त्योहार मनाने पर रोक, बोला-ये इस्लामिक पहचान…

पीएम ने कहा, ‘’ प्राचीन शास्त्रों में कहावत है ‘अतिथि देवो भव’ जिसका मतलब होता है मेहमान भगवान के समान है और यही पर्यटन के प्रति हमारा दृष्टिकोण भी है. भारत में पर्यटन केवल दर्शनीय स्थलों की यात्रा के बारे में नहीं है बल्कि ये एक गहरा अनुभव है. मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई कि UNWTO (संयुक्‍त राष्‍ट्र विश्‍व पर्यटन संगठन) के साथ साझेदारी में एक जी-20 पर्यटन डैशबोर्ड विकसित किया जा रहा है.

‘भारत में फेस्टिवल ऑफ डेमोक्रेसी आ रहा है’
नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत त्योहारों का देश है. यहां साल भर त्‍योहार होते हैं. गोवा में जल्द ही ‘साओ जोआओ’ फेस्टिवल आने वाला है, लेकिन एक और फेस्टिवल है वो है ‘फेस्टिवल ऑफ डेमोक्रेसी’ जिसमें आपको जरूर जाना चाहिए. अगले साल भारत में लोकसभा चुनाव होने हैं. एक महीने से अधिक समय तक एक अरब मतदाता इस त्योहार को मनाएंगे। यह लोकतांत्रिक मूल्यों में उनके दृढ़ विश्वास की गवाही देता है.

Tags: India G20 Presidency, PM Modi, Pm narendra modi, Tourism business

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More