
हाइलाइट्स
दिल्ली एनसीआर में कल भी आंशिक तौर पर बादल छाये रहेंगे
दिल्ली में 25 और 26 जून को बारिश या बौछार पड़ने की संभावना जताई गई
अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक रहने की जताई उम्मीद
नई दिल्ली. उत्तर भारत में अभी मॉनसून (Monsoon) आने में भले ही वक्त लग रहा हो लेकिन च्रकवाती तूफान बिपरजॉय (Biparjoy) के आने के बाद से कई राज्यों में लगातार बारिश होने का सिलसिला बदस्तूर जारी है. वहीं देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र (Delhi-NCR Region) के कुछ हिस्सों में बीच-बीच में हो रही हल्की बारिश या फिर बूंदाबांदी से ही अपना काम चला रहा है. मौसम में गर्माहट और सूरज की तपिश ने राजधानीवासियों को गर्मी से बेहाल किया हुआ है. हालांकि मंगलवार को राजधानी में 4 मिमी बारिश (Rain) जरूर रिकॉर्ड की गई है लेकिन गर्मी से राजधानीवासियों को कोई खास राहत नहीं मिल पाई है.
मौसम विभाग ने बुधवार को भी राजधानी दिल्ली में आमतौर पर आसमान में बादल छाये रहने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. इसके चलते दिल्ली का अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 39 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किये जाने की संभावना है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग के स्थानीय केंद्र दिल्ली के मुताबिक मंगलवार को राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.1 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया. लेकिन राजधानीवासियों को गर्मी में छूटते पसीनों से कोई राहत नहीं मिली. आज बुधवार को राजधानी में हल्की बारिश होने की प्रबल संभावना है जिससे कुछ गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. सुबह के वक्त भी मौसम काफी खुशनुमा रहा है. मौसम विभाग ने सूरज उगने का समय 5.24 बताया था. लेकिन सुबह 7 बजे तक सूरज नहीं निकलने और मौसम में ठंडक से लोगों को गर्मी से राहत मिली.
आईएमडी के दिल्ली केंद्र के मुताबिक 22 से 26 जून तक गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. लेकिन तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है. अगले दो दिन यानी 22 और 23 जून आंशिक तौर पर आसमान में बादल छाये रहेंगे. इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक रिकॉर्ड किया जा सकता है. लेकिन 24 जून को आमतौर पर बादल छाये रहने से अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक रिकॉर्ड किया जा सकता है.
वहीं, राजधानी को 25 और 26 जून को गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं. इन दो दिनों तक बारिश या गरज के साथ बौछारें (Rain or Thundershowers) पड़ने का पूर्वानुमान जताया गया है. इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की उम्मीद के साथ तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
इस बीच देखा जाए तो राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण स्तर इतना खराब नहीं है. बुधवार सुबह 7 बजे तक एक्यूआई लेवल 97 रिकॉर्ड किया गया जबकि पिछले 24 घंटे दौरान इसको स्तर 104 रिकॉर्ड किया गया था जोकि मध्यम श्रेणी में रहा. वहीं एनसीआर क्षेत्र के शहरों की बात करें तो फरीदाबाद में 162, गाजियाबाद में 83, गुरुग्राम में 104, ग्रेटर नोएडा में 123, हापुड में 30, करनाल में 78, मेरठ में 73, नोएडा में 83 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया.
.
Tags: Delhi Rainfall, Delhi weather, Imd, Rain in Delhi NCR, Weather forecast
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 08:00 IST






