
कैलाश कुमार/बोकारो. रविवार देर शाम जेईई एडवांस का रिजल्ट जारी कर दिया गया. जिसमें बोकारो के सेक्टर 4 स्थित डीपीएस विद्यालय के हर्ष बिहानी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 2097वीं रैंक हासिल की है. इसके साथ ही हर्ष बोकारो का जिला टॉपर बना है. चास निवासी हर्ष ने जेईई एडवांस की परीक्षा में फिजिक्स में 65, गणित में 54 और केमिस्ट्री में 70 अंक प्राप्त किए हैं. वहीं इससे पूर्व जेईई मेंस की परीक्षा में हर्ष ने 99.78 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए थे.
रोजाना 8 से 9 घंटे करता था पढ़ाई
लोकल 18 से बातचीत में हर्ष ने बताया कि उन्हें परीक्षा में सफलता प्राप्त कर बहुत अच्छा लग रहा है और अपने प्रदर्शन से काफी खुश हैं. हर्ष ने बताया कि परीक्षाओं के दौरान वे रोजाना 8 से 9 घंटे पढ़ाई करते थे. किसी भी टॉपिक के रिवीजन पर काफी अधिक ध्यान देते थे. उनका लक्ष्य आईआईटी दिल्ली से सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना है.
वहीं जेईई एडवांस परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं विद्यार्थियों को हर्ष ने सलाह देते हुए कहा कि विद्यार्थी सबसे पहले जेईई मेंस पर ध्यान दें और सभी विषयों पर बराबर समय देते हुए एनसीईआरटी किताबों का अध्ययन करें. हर्ष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, स्कूल के शिक्षकों और अपने दोस्तों को दिया है.
बचपन से ही मेहनती था हर्ष
हर्ष की सफलता पर उनके पिता संजय बियानी ने बताया कि वह हर्ष के परीक्षा के परिणाम से काफी खुश हैं. वहीं, माता संजू देवी ने बताया कि हर्ष बचपन से ही बहुत मेहनती है. अपने स्कूल के दिनों से पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं. उसकी मेहनत का नतीजा है कि आज यह सफलता मिली है.
बता दें कि इसी स्कूल की आयुषी सिन्हा 2814वीं रैंक के साथ दूसरे स्थान पर है. जबकि चिन्मया विद्यालय के उज्जवल लाल ने 3401 रैंक के साथ तीसरे स्थान जगह बनाई है.
.
Tags: Bokaro news, Jharkhand news
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 16:39 IST






