
उधव कृष्ण/पटना.वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए राजधानी क्षेत्र में कई स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं. डीजल वाहनों से बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए नगर बस सेवा को बंद कर सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही है. इससे वायु प्रदूषण में कमी की उम्मीद है. अगले 01 सितंबर से सभी तरह के डीजल चलित व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद करना है. 15 वर्ष पुराने व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है. हालांकि, इस निर्णय का परिणाम आने में समय लगेगा.
पटना नगर बस सेवा में 145 सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन हो रहा है. हालांकि, निजी स्तर पर नगर बस सेवा में डीजल बसें चल रही हैं. इसे 01 सितंबर से पूर्ण रूप से बंद करना है. वायु प्रदूषण में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग ने ई- रिक्शा को बढ़ावा दिया है. बता दें कि पटना में अब इनकी संख्या 15 हजार से अधिक हो गई है. वहींशहर में डीजल ऑटो का परिचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है.
पानी का भी किया जा रहा छिड़काव
नगर निगम भी कचरा उठाव के लिए सीएनजी से चलने वाले 150 डोर टू डोरवाहनों की खरीद करने जा रहा है. यानी कचरा उठाव वाले वाहन भी सीएनजी से चलेंगे. वायु प्रदूषण में कमी लाने के लिए नगर निगम एंटी स्मोक गन का इस्तेमाल कर रहा है. निगम ने 12 एंटी स्मोक गन खरीदा है. सभी छह अंचलों को 02-02 मशीनें उपलब्ध कराई गई है, जो हवा में मौजूद छोटे धूलकणों को अवशोषित कर लेती है. इसके पानी के टैंकर में नौ हजार लीटर पानी की क्षमता है, जो 180 डिग्री तक घूमकर पानी की फुहारों का छिड़काव कर वायुमंडल से वायु प्रदूषण को कम करती है. वायु प्रदूषण में कमी लाने की दिशा में अन्य प्रयास भी किए जा रहें हैं.
.
Tags: Bihar News, Bihar News in hindi, Local18, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 16:27 IST






