MP Election 2023: चुनावी साल में शहीदों व महापुरुषों की शरण में शिवराज सरकार, मूर्तियों व स्मारकों के लिए 431 करोड़ की मंजूरी


हाइलाइट्स

दीपक जोशी के कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब भाजपा उनके पिता व पूर्व सीएम कैलाश जोशी की मूर्ति स्थापित करेगी
भोपाल में भारत माता मंदिर स्मारक भी बनाने के लिए भी राशि जारी हुई.
विशेष निधि से रोड, डिवाइडर, नाली व पार्कों आदि का भी निर्माण होगा

भोपाल. चुनावी साल है तो धर्म व जाति से लेकर किसान, गरीब, सरकारी कर्मचारी हर वर्ग की पूछ-परख हो रही है. फिर, शहीदों व महापुरुषों को कैसे भूला जा सकता है. लिहाजा, शुक्रवार को नगरीय निकायों के लिए 431 करोड़ 6 लाख रुपए की विशेष निधि मंजूर की गई है. इस राशि से इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ही महापुरुषों की मूर्तियां और स्मारक बनवाए जाएंगे.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 356 नगरीय निकायों के लिए विशेष निधि जारी की है. यह निधि नगरीय निकायों को मुख्यमंत्री व मंत्री के विवेकाधिकार पर दी जाती है. पहली बार, मध्यप्रदेश सरकार ने इतनी बड़ी राशि विशेष निधि के तौर पर जारी की है. माना जा रहा है कि चुनाव की वजह से इस रकम का इंतजाम किया गया है. नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया है कि विशेष निधि में खास बात यह है कि इस राशि से स्मारकों के निर्माण के साथ शहीदों और महापुरूषों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी.

दीपक जोशी कांग्रेस में गए तब पूर्व सीएम कैलाश जोशी की ली सुध
पूर्व सीएम कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं. वे अपने साथ पिता कैलाश जोशी की फोटो भी कांग्रेस दफ्तर ले गए थे. वहां उन्होंने पिता कैलाश जोशी की मूर्ति स्थापना में देरी का आरोप लगाया था. अब शिवराज सरकार ने उनकी सुध ली है. भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी, टंट्या मामा, शहीद चन्द्रशेखर आजाद, शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू, हेमू कलाणी, स्व. कैलाश सारंग की प्रतिमा प्रतिमा होंगी. साथ ही भारत माता मंदिर स्मारक भी बनाया जाएगा. सागर में महाराणा प्रताप और नगर पालिका सौंसर में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति स्थापित होगी. नगर परिषद माखन नगर में राष्ट्रकवि माखनलाल चतुर्वेदी की मूर्ति की स्थापना की जाएगी.

सीएम इंफ्रा का तीसरा फेस नहीं आया इसलिए विशेष निधि से बनेंगी सड़कें व पार्क
शहरों में सड़क, नाली, पार्क जैसी सुविधाओं के लिए वर्ष 2012 में मुख्यमंत्री अधोसंरचना स्कीम लाई गई थी. इस स्कीम से भाजपा को शहरों में खासा फायदा हुआ था. 2016 में इसका दूसरा फेस लाया गया था. इस बार तीसरा फेस लाया जाना था लेकिन अब काफी देर हो चुकी है. लिहाजा, इस बार विशेष निधि से ही शहरों की मूलभूत सुविधाओं जिनमें सीमेंट कांक्रीट सड़क, डामरीकृत सड़क डिवाइडर निर्माण, पार्कों का निर्माण, मंगल भवन, सामुदायिक भवन, शमशान घाट निर्माण जैसे विकास कार्य होंगे.

Tags: Madhya pradesh news live, Madhya Pradesh Politics, MP News Today

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More