EXCLUSIVE: हिंदू राष्ट्र और राम राज्य पर क्या बोले फेमस एक्टर आशुतोष राणा, रखी बेबाक राय


भोपाल. विख्यात बॉलीवुड एक्टर और राइटर आशुतोष राणा का कहना है कि हमने राम के चरण छुए उनका आचरण नहीं अपनाया. हमारे समाजों के बीच सामंजस्य की जरूरत है. हमारे बीच विरोध हो, लेकिन विभेद न हो. हमारे जीवन में भगवान राम जैसा आचरण हो. राणा ने कहा कि राम ने शबरी के बेर खाए, निषादराज को गले लगाया. प्रभु राम ने क्षत्रिय और ब्राह्मण गुरूओं से शिक्षा ली. अब राम के आचरण को मानने का समय है. एक्टर आशुतोष राणा ने यह बातें News18 के एडिटर सुधीर दीक्षित से खास बातचीत में कहीं. उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी. राणा ने हिंदू राष्ट्र के सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया.

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि संसार को स्वयं बनाकर प्रस्तुत करने की विधा है और साहित्य स्वयं को संसार बनाकर प्रस्तुत करने की विधा है. इस तरह एक स्व से संसार की यात्रा और दूसरी संसार से स्व की यात्रा है. मुझे लगता है कि किसी भी व्यक्ति का, चाहे वो आप हों, मैं हूं, कला उसकी प्रकृति होती, कला उसका स्वभाव होता है. कुछ लोग होते हैं, जो कला को जीविका के लिए उपयोग करते हैं, तो वो कलाजीवि कहते हैं, कलाकार कहलाते हैं. लेकिन, देखा जाए तो संसार में सारे लोग कलाकार हैं. उन्होंने कहा कि जो निराकार को साकार करे वो कलाकार. भाव निराकार होते हैं, लेकिन हम भाषा और भंगिमा के माध्यम से उन भावों को साकार प्रस्तुत करते हैं. इस तरह हम लोगों को अनुभूति कराने का प्रयास करते हैं. इस तरह कर्म और कथन की जो जुगलबंदी होती है, वही अभिनेता और साहित्यकार की होती है.

यह है आशुतोष के नाम के पीछे का राज
एक सवाल के जवाब में उन्होंने अपने नामकरण के पीछे का रहस्य भी बताया. उन्होंने कहा कि हमारे घर में पार्थिव शिवलिंग की रोज पूजा होती थी. उस वक्त मैं छोटा था, मेरी उम्र करीब साढ़े तीन साल थी. उस दौरान वहां एक दिन पार्थिव शिवलिंग निर्माण और रुद्राभिषेक हो रहा था. यह कार्यक्रम गांव गाडरवाड़ा में था और मैं माता-पिता की गोद में बैठा था. तब पंडित जी ने ओम आशुतोषाय नमः कहा, तब मैंने सोचा कि इसका मतलब क्या है? तब मेरी जिज्ञासा शांत की गई और मुझे बताया गया कि ये देवों के देव महादेव का नाम है. इस पर मैंने फिर पूछा कि नाम तो है, लेकिन इसका अर्थ क्या है? तो, मुझे बताया गया कि आशुतोष का मतलब है थोड़े में सतोष करने वाला या शीघ्र प्रसन्न होने वाला. तब मैंने कहा कि ये नाम मुझे पसंद आ गया. और, आज से मेरा नाम आशुतोष.

कटनी में बनेगा हरिहर तीर्थ
गौरतलब है कि, एक्टर-राइटर आशुतोष राणा ने News18 से ये खास बातचीत कटनी जिले में की. इस दौरान वे हरिहर तीर्थ के भूमि पूजन में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रकवि दिनकर की रचना रश्मिरथी का पाठ किया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मंत्री संजय पाठक भी शामिल थे.

Tags: Ashutosh rana, Bhopal news, Mp news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More