
सौराष्ट्र. गुजरात में शक्तिशाली चक्रवात ‘बिपरजॉय’ की दस्तक को लेकर पूरा प्रशासनिक अमला हाई अलर्ट पर है. इस तूफान के गुजरात तट की तरफ बढ़ने के साथ ही सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र को तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का सामना करना पड़ा. ये तूफानी हवाएं इतनी तेज हैं कि लोगों के लिए एक जगह खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है.
मौसम विभाग ने बताया है कि ‘बिपरजॉय’ तूफान बुधवार को रास्ता बदलने और उत्तर-पूर्व दिशा में कच्छ तथा सौराष्ट्र की ओर बढ़ने को तैयार है. आशंका है यह तूफान बृहस्पतिवार शाम को जखाऊ बंदरगाह के पास टकराएगा. इसके तूफान के मद्देनजर राज्य में अब तक 50 हजार से ज्यादा लोगों को तटीय इलाकों से निकालकर अस्थायी आश्रय शिविरों में भेजा गया है.
ये भी पढ़ें- गुजरात के तापी में गिरा नया बना पुल, बस उद्घाटन का था इंतजार, 15 गांवों पर असर
गुजरात में बिपरजॉय तूफान के चलते हालात कितने खतरनाक हैं, इसका अंजादा आप इन दृश्यों से लगा सकते हैं. दरअसल NEWS18 की टीम इस तूफान के बीच फंस गई और वहां की जो तस्वीरें सामने आईं वो डरा देने वाली थी. तूफानी हवाओं के साथ ही रही मूसलाधार बारिश के बीच News18 इंडिया के पत्रकार के लिए एक जगह खड़ा होना तक मुश्किल हो रहा था.
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बुधवार सुबह समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में देवभूमि द्वारका जिले के खंभालिया तालुक में सबसे ज्यादा 121 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. वहीं, द्वारका और कल्याणपुर में इस अवधि में क्रमश: 92 मिलीमीटर और 70 मिलीमीटर पानी बरसा. इस दौरान जामनगर, जूनागढ़, राजकोट, पोरबंदर और कच्छ जिले के नौ तालुक में 50 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई. वहीं सौराष्ट्र और कच्छ जिले के 54 तालुक में 10 मिलीमीटर से ज्यादा पानी बरसा.
गुरुवार को बेहद तेज बारिश की आशँका
आईएमडी ने एक बुलेटिन में बताया कि 15 जून को चक्रवात के गुजरात तट पर पहुंचने के साथ ही राज्य में बारिश की तीव्रता बढ़ जाएगी और कच्छ, देवभूमि द्वारका तथा जामनगर में कुछ जगहों पर अत्यंत तेज बारिश होने के आसार हैं. बुलेटिन के मुताबिक, चक्रवात के कारण पोरबंदर, राजकोट, मोरबी, जूनागढ़ और सौराष्ट्र तथा उत्तर गुजरात क्षेत्र के बाकी जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है.
ये भी पढ़ें- चक्रवात बिपरजॉय के चलते कल बंद रहेगा द्वारकाधीश मंदिर, दमन में तटों के पास धारा 144 लागू
आईएमडी ने बताया है कि कच्छ, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, राजकोट, जूनागढ़ और मोरबी जिले में गुरुवार को ये हवाएं धीरे-धीरे 125-135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार अख्तियार कर लेंगी और फिर बृहस्पतिवार तक 150 किलोमीटर प्रति घंटे के स्तर पर पहुंच जाएंगी.
गुजरात में बिपरजॉय के मद्देनजर राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ सेना, नौसेना और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भी तैयार रखा गया है. प्रदेश राहत आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के 15, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के 12, राज्य सड़क एवं भवन विभाग के 115 और प्रदेश विद्युत विभाग के 397 दलों को अलग-अलग तटीय जिलों में तैनात किया गया है.
.
Tags: Cyclone Biparjoy, Gujarat news
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 20:37 IST






