
देवास. देवास पुलिस ने 12 करोड़ का मोबाइल कंटेनर चोरी करने वाले गिरोह के सरगना शातिर बदमाश सुनील हाडा को गिरफ्तार कर लिया है. उस पर अलग-अलग राज्यों में हत्या सहित 7 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. हाडा की गिरफ्तारी पर 1 लाख का इनाम घोषित किया गया था. आरोपी के पास से धारदार हथियार बरामद किया गया है.
देवास पुलिस ने भैरवाखेड़ी फ्लाईओवर के पास से एक लाख के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार घेराबंदी कर शातिर बदमाश सुनील हाडा को धरदबोचा है. सुनील देवास के कंजर डेरा चिड़ावद टोंक खुर्द का रहने वाला है. उसके पास से अवैध शराब और धारदार हथियार बरामद किया गया है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आंध्र प्रदेश, हरियाणा और मध्यप्रदेश में हत्या सहित 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं. लंबे समय से इन राज्यों की पुलिस को आरोपी की तलाश थी.
कई बड़ी वारदातों में शामिल
बदमाश सुनील के खिलाफ लूट, मारपीट और हत्या के 7 मामले दर्ज हैं. देवास पुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह चावला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया आरोपी आंध्र प्रदेश के कना गाना पाली जिला अंतथापुररामू में एलईडी लूट मामले में शामिल था. इसमें 18 आरोपियों ने लूट की थी, जिसमें एक ड्राइवर की हत्या कर दी गई थी, इसमें भी यह आरोपी शामिल था. इसके अलावा हरियाणा के रेवाड़ी जिले के कसोला में 12 करोड़ का मोबाइल कंटेनर चोरी हुआ था. इसमें 10 आरोपियों में 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए थे. इस वारदात में भी यह आरोपी शामिल था. हरियाणा डीजीपी ने आरोपी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था.
बदमाश को पकड़ने वाले पुलिस जवानों को मिलेगा इनाम
एडिशनल एसपी मनजीत चावला ने बताया कि आरोपी लग्जरी लाइफ जीने के लिए इस तरह लूट की वारदात को अंजाम देते हैं. इनकी पूरी गैंग काम करती है, यह शातिर बदमाश ट्रक के ट्रक गायब कर देते हैं. अब बदमाश सुनील हाडा के पकड़े जाने पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बदमाश को पकड़ने वाले पुलिस जवानों को 5-5 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है. आरोपी को पकड़ने में इंस्पेक्टर उमराव सिंह, सब इंस्पेक्टर चंदर सिंह चौहान, पंकज कुशवाहा, महेंद्र राव, आरक्षक सुरेंद्र शर्मा, धर्मेंद्र चावड़ा और साइबर सेल देवास के शिवप्रताप सिंह सेंगर ने अहम भूमिका निभाई है.
.
Tags: Crime News, Dewas News, Mp news
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 19:49 IST






