
हाइलाइट्स
मारुति की इलेक्ट्रिक कार 550 किमी. की रेंज देगी.
टाटा मोटर्स ने ऑटो एक्सपो के दौरान किया था कर्व को अनवील.
अब दोनों ही कारें ऑटो एक्सपो 2024 में दिख सकती हैं.
नई दिल्ली. अभी तक इलेक्ट्रिक कारों के बाजार में टाटा का पूरी तरह से कब्जा है. लगभग 80 प्रतिशत मार्केट शेयर लेकर बैठी टाटा मोटर्स के लिए लेकिन आने वाला साल कुछ कंपनी के लिए भारी साबित हो सकता है. क्योंकि 2024 में इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में देश की सबसे बड़ी ऑटो मैन्युफैक्चरिंग कंपनी मारुति सुजुकी कदम रखने जा रही है. कंपनी 2024 में अपनी इलेक्ट्रिक मिड साइज एसयूवी को लॉन्चकरने की तैयारी कर चुकी है.
वहीं टाटा मोटर्स ने भी इसका जवाब देने के लिए अपनी कर्व कॉन्सेप्ट कार पर बेस्ड एसयूवी को तैयार कर लिया है और ये भी 2024 में ही लॉन्च की जाएगी. माना जा रहा है कि दोनों ही कंपनियां ऑटो एक्सपो 2024 के दौरान अपनी कारों को लॉन्च कर सकती हैं. माना जा रहा है कि मारुति अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी को 2024 की दिवाली के आसपास बाजार में उतार सकती है. इसका सीधा मुकाबला टाटा की नई इलेक्ट्रिक एसयूवी, नेक्सॉन ईवी और क्रेटा ईवी से होगा.
देगी जबर्दस्त रेंज
मारुति की इस नई कार को बॉर्न ईवी प्लेटफॉर्म पर डिजाइन किया जा रहा है. कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार ये कार सिंगल चार्ज में 550 किलोमीटर की रेंज देगी. कार के डायमेंशंस की बात की जाए तो इसकी लंबाई करीब 4 हजार मिमी. चौड़ाई 1800 मिमी. और ऊंचाई 1600 मिमी. हो सकती है. कार का व्हीलबेस 2700 मिमी. होगा.
टाटा की कार होगी Curvv
वहीं टाटा मोटर्स की नई कार की बात की जाए तो कंपनी ने अप्रैल 2022 में अपनी कॉन्सेप्ट कार कर्व ईवी को शोकेस किया था. जिसके बाद ऑटो एक्सपो 2023 के दौरान टाटा ने कर्व ईवी के आईसीई वेरिएंट को भी शोकेस किया. अब ये बताया जा रहा है कि टाटा इस एसयूवी का आईसीई और इलेक्ट्रिक वेरिएंट 2024 में लॉन्च करने जा रही है. हालांकि कार को लेकर कंपनी ने और कोई भी खुलासा फिलहाल नहीं किया है.
कितनी होगी कीमत
फिलहाल दोनों ही कंपनियों ने कीमत को लेकर कोई भी बातचीत नहीं की है लेकिन माना जा रहा है कि मारुति की इलेक्ट्रिक कार की कीमत 20 लाख रुपये के आसपास हो सकती है. वहीं टाटा अपनी कार को 18 लाख से 22 लाख रुपये के बीच लॉन्च कर सकती है. ये दोनों ही कारें प्रीमियम सेगमेंट को केटर करेंगी.
.
Tags: Auto News, Car Bike News, Electric Car, Electric vehicle, Maruti Suzuki, Tata Motors
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 17:34 IST






