
मेघा उपाध्याय/इंदौर. शिक्षा जीवन को बदलने की सबसे बड़ी पूंजी है, जिससे हम अपने जीवन को सफल और आसान बना सकते हैं, लेकिन इस दुनिया में कई ऐसे लोग हैं जो इससे वंचित है, जो आर्थिक अभाव में शिक्षा ग्रहण नहीं कर पाते. आज हम आपको बताएंगे इंदौर के एक ऐसे संस्थान के बारे में जो आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को फ्री कोचिंग क्लासेस देता हैं और उन्हें उनका लक्ष्य प्राप्त करवाने में मदद करता हैं.
इंदौर के भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित वी फॉर सोशल सोसायटी शिक्षा के लिए ऐसे ही अपने कदम आगे बढ़ा रही है. उन्होंने अब तक कई बच्चों के जीवन में उजाला कर उन्हें उनका लक्ष्य दिखाया है और ये बच्चे आज अलग-अलग जगहों पर अच्छे पद पर कार्यरत हैं. स्किल डेवलपमेंट को प्राथमिकता देने वाले इस संस्थान ने अब तक कई बस्तियों और पिछड़े इलाके के बच्चों को दलदल से बाहर निकाल सफल जीवन दिया है.
कंप्यूटर, सिलाई-बुनाई और मेहंदी जैसी स्किल में भी कर रहे बच्चों को पारंगत
संस्थान के फाउंडर मेंबर हरनीत सिंह सलूजा ने बताया कि आज के समय में डिग्री और शिक्षा के साथ-साथ किसी एक स्किल का आना बहुत जरूरी है. जिससे हम कई जगहों पर अपना नाम बना सकते हैं. इसी वजह से गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों को पढ़ाई के अलावा ऐसी कई एक्टिविटीज करवाई जाती हैं, जिससे एकेडमिक्स से बाहर निकल कर भी बच्चे कुछ सीख पाए. इसमें कंप्यूटर, सिलाई और मेहंदी आर्ट शामिल है.
बच्चों के साथ-साथ माता-पिता की भी करते हैं काउंसिलिंग
संस्थान की ही फाउंडर मेंबर ज्योत्सना भाटिया के अनुसार, बच्चों से ज्यादा माता-पिता को अपडेट होने की जरूरत है. जिससे वह बच्चों को सही राह पर गाइड कर पाएं और नए-नए तरीके खोज उनको अलग-अलग गतिविधियों में एक्टिव रखें, जिससे वह अपने जीवन में अपने लक्ष्य को चुन प्रोफेशनली सफल हो और अपने पैरों पर खड़े होकर ऊंचाइयों तक पहुंचे. इसी कारण वे माता-पिता को भी कई तरह की एक्टिविटीज करवाते हैं और उन्हें भी अलग-अलग स्किल सिखाते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 17:56 IST






