Nalanda News: नालंदा में खुला साइबर थाना, लोगों को जागरूक करने के साथ फ्रॉड पर कार्रवाई भी


मो.महमूद आलम/नालंदा.साइबर क्राइम करने वाले जालसाजों पर नकेल कसने के लिए जिले में साइबर थाना की शुरुआत की गई है. जिसका शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा ने किया. एसपी अशोक मिश्रा ने नगर थाना के पुराने भवन में साइबर थाना का उद्घाटन किया. यहां का थानाध्यक्ष साइबर डीएसपी ज्योति शंकर को बनाया गया है. साइबर थाना की पुलिस केस दर्ज कर फ्रॉडों पर कार्रवाई के साथ नागरिकों के बीच उससे बचाव के लिए जागरुकता भी फैलाएगी.

इस दौरान एसपी ने बताया कि फ्रॉडों पर नकेल कसने की मंशा पर राज्य सरकार के आदेश पर साइबर थाना खोला गया है. साइबर डीएसपी को यहां का थानाध्यक्ष व पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है. इसके अलावा यहां तीन इंस्पेक्टर, एक दारोगा, ऑपरेटर व अन्य पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है. फ्रॉड के शिकार लोग यहां आवेदन देकर या मेल भेजकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. साइबर थाना की पुलिस फ्रॉडों पर कार्रवाई के साथ नागरिकों को ठगी से बचने की टिप्स भी बताएगी. इस मौके पर सदर डीएसपी डॉ. मो. शिब्ली नोमानी, नगर थानाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.

नालंदा का कतरीसराय प्रखंड देश में ठगी के लिए बदनाम
आपको बता दें कि झारखंड के जामताड़ा के बाद नालंदा का कतरीसराय प्रखंड देश में ठगी के लिए बदनाम है. विश्व को ज्ञान बांटने वाला बिहार का नालंदा ज़िला इन दिनों साइबर फ्राउडों का सेफ जोन बन चुका है. जिसे ठगों की नगरी के नाम से आज जाना जाता है. दो दशक पहले कतरीसराय ठगों का सेफजोन था. हालांकि, अब ठग पूरे जिले में पैर पसार चुका है. यही कारण है कि यहां आए दिन दूसरे राज्य की पुलिस फ्रॉडों की तलाश में आती है. समय के साथ फ्रॉड ठगी का तरीका बदलते रहता है. साइबर थाना की शुरूआत से नागरिकों में उम्मीद जगी है कि पुलिस फ्रॉडों पर कार्रवाई करेगी.

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More