बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक ने 4 नाबालिगों को कुचला, मौके पर मौत

अनूप पासवान/कोरबा. ग्राम चैतमा के पास हुए जबरदस्त सड़क हादसे में 4 नाबालिग लड़कों की मौत हो गई. यह हादसा बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ. सड़क निर्माण के काम में लगे दिलीप बिल्डकॉन नामक कंपनी की तेज रफ्तार हाइवा ने पहले बइक सवार दो नाबालिगों को ठोकर मारी, फिर सड़क किनारे रील्स बना रहे दो नाबालिग लड़कों को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर ही चारों की मौत हो गई. जान गंवाने वाले चारों युवक एक ही गांव के थे. युवकों की मौत के बाद पूरा गांव शोक में डूब गया. लोग प्रदर्शन करने लगे. लेकिन कंपनी की तरफ से तत्काल आकस्मिक सहायता राशि दी गई, जिसके बाद लोगों का प्रदर्शन समाप्त हुआ.

कोरबा जिले में सड़क हादसों के दौरान लोगों के काल कवलित होने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं. एक बार फिर से पाली थानांतर्गत बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम चैतमा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 4 नाबालिगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है चारों मृतक ग्राम चैतमा के कुम्हार पारा के निवासी थे.

इस हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने चक्काजाम कर दिया. करीब 3 घंटे तक ग्रामीण मौके पर जमे रहे, जिससे मुख्य मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस और कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिवार को आकस्मिक सहायता राशि प्रदान की. तब जाकर लोग शांत हुए और चक्काजाम को समाप्त किया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक को गिरफ्तार कर लिया है. मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए रवाना कर दिया गया.

.

FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 15:28 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More