बलबीर सिंह परमार
रुड़की. उत्तराखंड के हरिद्वार के रुड़की में युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. ग्रामीणों ने जहां जमकर बवाल काटा. वहीं, पथराव, लाठीजार्ज और घरों में तोड़फोड़ भी की गई. पूरे मामले में दो सब इंस्पेक्टर सहित कुल पांच पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है. वहीं, पुलिस ने 24 लोगों को गिरफ्तार भी किया है. फिलहाल, मौके पर धारा 144 लगाई गई है.
जानकारी के अनुसार, रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के बेलड़ा गांव का यह मामला है. रविवार रात को एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया और सोमवार को दिनभर कोतवाली में जमकर हंगामा किया. पुलिस ने तहरीर के बाद जांच शुरू की. हालांकि, बाद में ग्रामीण और पुलिस आमने सामने आ गए और विवाद बढ़ता गया. ग्रामीणों ने थाना घेर लिया. दोनों पक्षों में जमकर पथराव और लाठीचार्ज के साथ-साथ घरों तोड़फोड़ भी हुई. इस दौरान 5 पुलिस कर्मी भी घायल हो गए. गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है. साथ ही गांव के 10 किलोमीटर के दायरे में धारा 144 भी लागू कर दी गई है.
हरिद्वारः अस्पताल में भर्ती घायल पुलिसकर्मी का हाल जानते अफसर.
क्या कहते हैं एसपी हरिद्वार
हरिद्वार के एसपी अजय सिंह का कहना है कि युवक की मौत से जुड़ा यह मामला है. पुलिस ने मामले की जांच की है. लोगों का आरोप है कि युवक की हत्या की गई है, जबकि अब तक जांच में ऐसा कुछ भी नहीं मिला है. बता दें कि एसएसपी और डीएम ने मौके पर व्यवस्था का जायजा लिया है. फ़िलहाल, गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात है और माहौल भी शांत बना हुआ है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, रविवार रात सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलड़ा गांव निवासी पंकज (35) बाइक से गांव लौट रहा था. रात 11 बजे के करीब वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई. लेकिन युवक के परिजन और ग्रामीणों का आरोप है कि पंकज की हत्या की गई है. बस फिर क्या था, लोगों ने कोतवाली घेर ली. इसके बाद पुलिस और लोगों में बवाल हुआ. पथरबाजी में दो इंस्पेक्टर, एक दरोगा सहित 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए.
.
Tags: Haridwar Police, Roorkee police, Up uttarakhand news live
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 06:52 IST






