छूकर देखा कि समोसा गरम है या ठंडा तो दुकानदार हो गया गरम, लाठी से कर दी ठुकाई, मामला पहुंचा थाने


अर्पित बड़कुल/दमोह. दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र के पटी महाराजपुर गांव से अजीबोगरीब मामला सामने आया. यहां एक ग्राहक ने दुकान में रखे समोसे को छू लिया तो दुकानदार से उसकी झड़प हो गई. बात इतनी बढ़ी की मामला थाने तक पहुंच गया.

यह मामला चंडी चौपरा बस स्टैंड का है. यहां निजाम लोधी नामक युवक की नाश्ते-पानी की दुकान है. यहां सुरेंद्र अहिरवार नाम का ग्राहक कोल्ड ड्रिंक लेने पहुंचा. इसी बीच सुरेंद्र का मन समोसे खाने का हुआ, तो उसने समोसे छू कर देखा कि ठंडे हैं या गर्म हाथ. यह देख दुकानदार निजाम गुस्से से आगबबूला हो उठा और सरेआम सुरेंद्र अहिरवार को उसकी जाति को लेकर गालियां देनी शुरू कर दीं. इस विवाद में सुरेंद्र के चाचा धनीराम बीच-बचाव कराने पहुंचे तो दुकानदार निजाम ने लाठी से उनकी जमकर पिटाई कर दी.

इसके बाद पीड़ित सुरेंद्र ने जबेरा थाने में निजाम लोधी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाई. दुकानदार निजाम लोधी यहीं नहीं थमा, बल्कि धौंस देने अपने अन्य साथियों के साथ पीड़ित सुंरेद्र के घर जा पहुंचा और रिपोर्ट वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगा. एफआईआर वापस न लेने पर अड़े सुरेंद्र को दुकानदार निजाम ने जान से मारने की धमकी दे दी. इसके बाद यह मामला गांव के लोगों के बीच पहुंचा तो गाववालों ने दोनों पक्षों को शांत कराया.

इसके बाद सुरेंद्र अपने गांव के सैकड़ों लोगों के साथ न्याय की गुहार लगाते हुए एसपी कार्यालय पहुंचा. वहां उसने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया. इस बीच फरियादी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा और गांव में बिकने वाली अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की. फरियादी के साथ आवेदन देने डीके, धर्मेंद्र, रोहित, जुगेंद्र अहिरवार, महेंद्र अहिरवार, गणेश जाटव, जितेंद्र, प्रताप, मुकेश, हरिया, दिनेश दीपक, राहुल, करिया, चेला समेत सैकड़ों ग्रामवासी पहुंचे थे.

Tags: Damoh News, Food 18, Local18, Mp crime news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More