
अनुज गौतम/सागर: सनातन की अलख जगाने वाले हिंदू राष्ट्र का सपना लेकर चल रहे प्रसिद्ध कथावाचक और बागेश्वर धाम सरकार के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के अनुयायी देश विदेश में बढ़ते जा रहे हैं. भक्तों में उनके प्रति काफी दीवानगी देखी जा रही है. महाराज की एक झलक पाने के लिए लोग सैकड़ों किलोमीटर दूर से चले आते हैं.
ऐसे ही बुंदेलखंड के सागर जिले से आने वाले देवरी ब्लॉक के एक भक्त ने अर्जी लगाई थी कि अगर दिव्य दरबार में उसकी अर्जी स्वीकार हो जाएगी तो वह अपने घर से बागेश्वर धाम सरकार तक पैदल यात्रा करेगा. पिछले महीने जबलपुर में उसकी यह अर्जी स्वीकार हो गई. इसके बाद 40 वर्षीय राधे यादव अब संकल्प पूरा करने के लिए 250 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकल पड़े हैं.
उनके इस विश्वास में न तो 42 डिग्री की भीषण गर्मी और न ही चिलचिलाती धूप बाधा बन सकी है. वह निरंतर बागेश्वर बालाजी सरकार का जयकारा लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं. वह लकड़ी की पावनी पहनकर पैदल चलते हैं. पावनी पहनकर चलने में बहुत दिक्कत होती है. उन्होंने जूते चप्पल छोड़ दिए हैं.
तीन बार की थी पेशी
राधे के मुताबिक एक दिन उन्हें सपना आया था, जिसके बाद उन्होंने जूते-चप्पलों का त्याग कर दिया है. उनका कहना है कि गुरुजी से जैसा-जैसा आदेश मिलता जाएगा, वह वैसा ही करेंगे. उन्होंने अपने आपको बालाजी सरकार के चरणों में समर्पित कर दिया है. बताया कि वह देवरी ब्लॉक के बीना बारह गांव का रहने वाले हैं. 1 साल से बागेश्वर सरकार से जुड़े हैं. लंबे समय से उनकी दिव्य दरबार में अर्जी लगने की चाहत थी. इसके लिए उन्होंने बागेश्वर धाम सरकार तीन बार जाकर पेशी भी की थी. राधे यादव रोजाना 25 से 30 किलोमीटर तक की पैदल यात्रा कर रहे हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 16:56 IST






