
विक्रम कुमार झा/पूर्णिया. अररिया जिला में एक अनोखा मामला देखने को मिला. यहां भरी पंचायत से फिल्मी स्टाइल में कुछ लोग दुल्हन को बाइक पर उठा ले गए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि वहां खड़े सभी लोग तमाशबीन बने हैं. दरअसल, यह मामला पूर्णिया जिले से सटे हुए अररिया जिले के बथनाहा ओपी पंचायत का बताया जाता है.
जानकारी के अनुसार, इंटरकास्ट मैरिज को लेकर युवती के परिजन नाराज थे. इसको लेकर पंचायत हो रही थी. इसी दौरान युवती के परिजन और उसके चचेरे भाई बाइक पर आए और फिल्मी स्टाइल में युवती को गोद में उठाकर बाइक पर बिठा लिया. फिर वहां से निकल गए. कुछ देर तक तो पंचायत कर रहे लोगों को भी कुछ समझ में नहीं आया. इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई.
कुछ महीने पहले ही प्रेम प्रसंग में हुई थी शादी
बता दें कि दूल्हा और दुल्हन ने कुछ महीने पहले ही प्रेम प्रसंग के बाद अपनी मर्जी से शादी कर ली थी. दोनों अलग-अलग जाति के हैं. वहीं दोनों के समाज में अलग-अलग तरह की बातों को लेकर गांव में विवाद होना शुरू हो गया था. इसी मामले को लेकर गांव में पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें युवती के पक्ष और युवक के पक्ष दोनों को बुलाया गया था. वहीं पर दोनों पक्षों में मारपीट के यह घटना घटी.
युवक के पिता ने कहा कानून पर भरोसा
वहीं, मामले की जानकारी देते हुए युवक के पिता सुरेश ठाकुर ने बताया कि लड़का लड़की बालिग हैं. उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है. दोनों को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए. वहीं जब इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस को मिली तो मौके पर स्थानीय कार्रवाई शुरू कर दी गई.
नरपतगंज से लड़की हुई बरामद
अररिया के एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि युवती को नरपतगंज के फेना बेलाह वॉर्ड नंबर 3 से बरामद कर लिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
.
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 22:14 IST








