
इंदौर. देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के नेहरू पार्क में फिर टॉय ट्रेन की छुक-छुक सुनाई देगी. यह टॉय ट्रेन साल 2010 से बंद पड़ी थी. इस पार्क में बिछाई गई पटरियों पर राजस्थान के भीलवाड़ा से आए इंजन और डिब्बे उतार दिए गए हैं. यह टॉय ट्रेन करीब एक हफ्ते में पटरी पर दौड़ने लगेगी. स्मार्ट सिटी कंपनी की लेटलतीफी की वजह से पिछले 13 साल से बच्चे इस ट्रेन के चलने का इंतजार कर रहे थे. जबकि इसकी पटरी यानी सीमेंटेड ट्रैक बहुत पहले पूरा हो चुका था.
इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि शहर के बीचों-बीच बने नेहरू पार्क को इसके पुराने वैभव में लौटाया जा रहा है. ठीक उसी तरह मेघदूत गार्डन और विश्रामबाग में भी काम चल रहा है. महापौर ने कहा कि नेहरू पार्क में पहले जब ट्रेन चलती थी तो मेरे पिताजी मुझे उस ट्रेन में घुमाने ले जाया करते थे. इसलिए हम चाहते थे कि ट्रेन जल्दी चालू हो. मेरी पहल पर राजस्थान से टॉय ट्रेन इंदौर पहुंच चुकी है. इसका ट्रायल रन 1 से 2 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा. उसके बाद इसे बच्चों के लिए शुरू किया जाएगा.
आपके शहर से (इंदौर)
ट्रेन पर आई 60 लाख रुपये की लागत
स्मार्ट सिटी कंपनी ने 11 एकड़ में फैले नेहरू पार्क का करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण किया है. इस पार्क में टॉय ट्रेन शुरू होने के साथ ही बच्चों के लिए झूले और खेलकूद के लिए उपकरण लगाए गए हैं. पार्क में फूड जोन भी शुरू किया गया है. इसके अलावा ओपन थिएटर, रेलिंग लॉन, किड्स प्ले जोन भी बनाए गए हैं. इस टॉय ट्रेन का किराया 50 रुपये तय किया गया है. टॉय ट्रेन चलाने के लिए संचालन की जिम्मेदारी राजस्थान की एजेंसी को दी गई है. यह एजेंसी 60 लाख रुपये खर्च कर टॉय ट्रेन को इंदौर लाई है. राजस्थान की शंकरलाल कास्ट कंपनी अलवर और जयपुर में भी बच्चों की टॉय ट्रेन चला रही है.
कभी बच्चों से गुलजार रहता था ये पार्क
लोगों ने बताया कि पहले इस ट्रेन की वजह से पार्क बच्चों से गुलजार रहता था. माता-पिता बच्चों को घुमाने अधिकतर इसी पार्क में लाते थे. लेकिन, साल 2010 में नेहरू पार्क की यह ट्रेन बंद पड़ गई है. उसके बाद से लोगों का आना यहां कम हो गया. दूसरी ओर, कोरोना काल ने भी जीवन पर नकारात्मक असर डाला. लोगों ने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया. उम्मीद है कि यह ट्रेन शुरू होने के बाद पार्क एक बार फिर बच्चों से गुलजार होगा.
.
Tags: Indore news, Madhya pradesh news, MP News Today
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 09:00 IST








