
विंडहोक. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को कहा कि ओडिशा में भीषण ट्रेन दुर्घटना के मद्देनजर उन्हें मिले शोक संदेश और समर्थन से पता चलता है कि दुनिया भारत के साथ कितनी जुड़ी हुई है. विदेश मंत्री जयशंकर ने नामीबिया में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘दुनिया भर के कई नेताओं और यहां (नामीबिया) के विदेश मंत्री ने भी इस दुख की घड़ी में भारत के साथ एकजुटता और सहानुभूति व्यक्त की है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे दुनिया भर से कई संदेश मिले, कई विदेश मंत्रियों और दोस्तों ने भी इस बारे में मुझसे अपना दुख जाहिर किया. प्रधानमंत्री को भी बहुत सारे संदेश मिले. यह एक उदाहरण है कि आज की दुनिया कितनी वैश्वीकृत है और दुनिया भारत से कैसे जुड़ी हुई है.’
गौरतलब है कि बालासोर जिले में शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने और एक मालगाड़ी से टकराने से यह हादसा हुआ. दोनों यात्री ट्रेन में करीब 2500 यात्री सवार थे. दुर्घटना में 21 डिब्बे पटरी से उतर गए और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए. हादसे में 288 यात्रियों की मौत हुई है. वहीं, 1000 से अधिक जख्मी हैं, जिनमें से 56 की हालत गंभीर है.
रेल हादसे की प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि दुर्घटनाग्रस्त हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन बाहानगा बाजार स्टेशन से ठीक पहले मुख्य मार्ग के बजाय ‘लूप लाइन’ पर चली गई और वहां खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई. समझा जाता है कि बगल की पटरी पर क्षतिग्रस्त हालत में मौजूद कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बों से टकराने के बाद बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के डिब्बे भी पलट गये.
.
Tags: Namibia, Odisha Train Accident, S Jaishankar
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 05:56 IST








