
नई दिल्ली. दो बार केंद्रीय रेल मंत्री रह चुकीं और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) ने ओडिशा ट्रेन हादसे पर संदेह जताते हुए कहा कि ‘दाल में कुछ तो काला है. हम चाहते हैं कि सच सामने आए. उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnav) को लेकर कहा कि ‘जब कल वह मेरे साथ मौजूद थे और मैंने टक्कर रोधी तकनीक ‘कवच’ का उल्लेख किया था, तब उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया था.
केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि रेल मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान नई सिग्नल प्रणाली और टक्कर रोधी उपकरण पेश किए गए थे. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मैं अपना बयान देने पर मजबूर हूं, क्योंकि कुछ लोगों द्वारा कहा जा रहा था कि मेरे और नीतीश कुमार या लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में हुई रेल दुर्घटनाओं में लोग मारे गए थे. कुछ लोग इतिहास बदल सकते हैं और कोई भी संख्या बदल सकते हैं. बनर्जी ने कहा कि वे जनता के साथ नहीं हैं, वे लोग मुझे, नीतीश जी और लालू जी को बुरा भला कह रहे हैं.
भाजपा ने किया पलटवार, कहा- ममता बनर्जी गंदी राजनीति कर रहीं
इस पर भाजपा ने भी पलटवार करते हुए कहा कि ममता बनर्जी गंदी राजनीति कर रही हैं जबकि केंद्र सरकार ने राहत पहुंचाई और स्थिति में तेजी से सुधार किया है. ममता बनर्जी हताश और निराश है. मीडिया में उन्होंने गोधरा में जलती ट्रेन का पुराना मामला उठा दिया. गौरतलब है कि ओडिशा के बालासोर में कोरोमंडल एक्सप्रेस 2 जून को शाम 7 बजे प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई थी, जिसके परिणामस्वरूप इसके कई डिब्बे पटरी से उतर गए थे. इसी दौरान वहां से गुजर रही बेंगलुरू-हावड़ा एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे भी इस टक्कर की चपेट में आ गए थे. इस तरह 3 ट्रेनें दुर्घटना का शिकार हुईं.
रेलवे बोर्ड ने सीबीआई जांच की सिफारिश की
अब इस दुर्घटना की जांच शुरू हो गई है. इसमें संभावित मानवीय त्रुटि, सिग्नल विफलता और अन्य संभावित कारण शामिल हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि रेलवे बोर्ड ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना की सीबीआई जांच की सिफारिश की है.
.
Tags: Ashwini vaishnav, CM Mamata Banerjee, Odisha Train Accident, ममता बनर्जी
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 22:27 IST








