
मेघा उपाध्याय/इंदौर: इंदौर का भवर कुआं चौराहा वैसे तो कोचिंग संस्थानों के लिए खूब प्रसिद्ध है, लेकिन आजकल यहां फुटपाथ लेन पर किताबों की दुकानें भी देखने को मिल रही हैं. खास बात यह है कि इन दुकानों पर हर प्रकार की लोकप्रिय एवं बेस्टसेलर बुक्स मिल जाती हैं और वो भी मात्र 150 रुपये में.
इतना ही नहीं आप अगर किताब जमा करने के शौकीन नहीं हैं और आपको केवल पढ़ना ही है तो आप यहां वापस आकर इन्हीं किताब बेचने वालों को किताब वापस कर सकते हैं, जिसके बदले में वे 75 रुपये वापस कर देते हैं. मतलब किताब को पढ़ने के बाद आप उसे आधी कीमत में लौटा सकते हैं.
अगर आप भी यहां से किताबें खरीदना चाहते हैं तो आपको इंदौर शहर के बीचोबीच भंवरकुआं स्क्वायर पहुंचना होगा और वहीं से लेफ्ट साइड के फुटपाथ पर ऐसे कई स्ट्रीट वेंडर्स जो किताबें बेच रहे हैं, आपको मिल जाएंगे. यहां आप किताबें खरीद सकते हैं और पढ़ने के बाद उन्हें आधी कीमत पर लौटा सकते हैं.
सारी किताबें मिलती हैं फ्रेश कंडीशन में
दुकानदार के अनुसार, यहां सारी किताबें फ्रेश कंडीशन में मिलती हैं और सभी बेहद ही क्लियर और साफ-सुथरे अक्षरों में होती हैं. खासकर ये किताबें स्टूडेंट्स ज्यादा खरीदते हैं, मोटिवेशनल किताबों के अलावा धार्मिक ग्रंथ और उनके हिंदी/अंग्रेजी भाषा में ट्रांसलेशन भी यहां मिल जाते हैं.
मोटिवेशनल किताबों का क्रेज
किताब की खरीदारी कर रहे युवाओं ने बताया की आज के समय में जहां कॉम्पिटिशन इतना बढ़ रहा है, वहां मोटिवेट रहना बहुत जरूरी है. किताबों से अच्छा मोटिवेशन का कोई स्रोत नहीं, किताबें दोस्त की तरह हर पथ पर आपके साथ रहती हैं और गुरु की तरह राह भी दिखाती हैं.
भागवत पढ़ रहे युवा
आगे बातचीत करने पर पता चला कि युवा लाइफ गाइडिंग किताब एटॉमिक हैबिट्स और धार्मिक ग्रंथ भागवत गीता की सबसे ज्यादा मांग करते हैं. दोनों ही किताबें जीवन को सही ढंग से जीने के तरीके को दर्शाती हैं और खासकर विद्यार्थियों की पथ प्रदर्शक हैं. भंवर कुआं कई सरकारी नौकरियों की तैयारी करने वालों का केंद्र भी है तो यहां पर मोटिवेशनल स्टफ और मटेरियल की हमेशा ही मांग रहती है.
.
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 15:40 IST








