
दुनिया के कई देशों में एलियंस के यान यानी अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट (UFO) देखे जाने के दावे किए जाते रहे हैं. कुछ दिन पहले ऑस्ट्रेलिया में किसानों ने भी कहा था कि एलियंस आते हैं और उनकी गायों के कान, नाक काटकर ले जाते हैं. एक पायलट ने भी आसमान में यूएफओ द्वारा पीछा किए जाने की बात कही थी. अब इन बातों में कितनी सच्चाई है, इसकी तो जांच एक्सपर्ट कर रहे हैं. इसी बीच ब्रिटिश शाही परिवार के घर तक एलियन के पहुंचने की बात सामने आई है. अमेरिका में स्थित उनकी हवेली के बिल्कुल करीब एक गोलाकार चीज देखी गई है, जिसे एलियन का यान यानी उड़नतस्तरी बताया जा रहा है.
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटिश राजघराने के पूर्व प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेघन ने 2021 में अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक आलीशान हवेली खरीदी थी. उनका इरादा यहां गर्मी की छुट्टियां बिताना था. कुल 18 हजार वर्ग फुट में बने इस महलनुमा घर में 9 बेडरूम और 16 बाथरूम हैं. रिपोर्ट के अनुसार, तब 14 मिलियन डॉलर यानी तकरीबन 1.15 अरब रुपये का खर्च आया था. अब इसी हवेली से कुछ दूर उड़नतस्तरी देखे जाने का दावा किया जा रहा है.
यूएफओ एक्सपर्ट ने गूगल अर्थ से तस्वीरें भी लीं
UFO एक्सपर्ट टोनी मोरेना ने गूगल अर्थ के जरिए इसकी तस्वीर भी ली. उन्होंने बताया कि प्रिंस हैरी के घर से तकरीबन 25 मील की दूरी पर इसे देखा गया. दूर से यह एक रहस्यमयी चीज नजर आई, जो गोलकार थी. इसकी चौड़ाई लगभग 8 मीटर रही होगी. इसके चारों ओर कुछ लिखा हुआ नजर आ रहा था, लेकिन दूरी इतनी ज्यादा है कि पहचान पाना मुश्किल है. भाषा भी अजीबोगरीब है. तमाम विशेषज्ञ इसे UFO होने का दावा कर रहे हैं, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.
अब तो हर दिन कहीं न कहीं से ऐसी सूचना मिल रही
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका के इस इलाके में दिसंबर 2018 से नवंबर 2000 के बीच 29 बार रहस्यमयी उड़ने वाली चीजें देखे जाने का दावा किया गया. रक्षा विभाग को भी 27 साल में 800 से ज्यादा अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट देखे जाने की जानकारी मिली थी. अब तो हर दिन कहीं न कहीं से ऐसी सूचना मिल रही. अमेरिका भी इसे गंभीरता से ले रहा है और जांच की जा रही है. अमेरिकी सरकार हर बार इसे बैलून बताकर टाल देती है, लेकिन जिस तेजी से इसकी खबरें आ रही हैं, मुंह मोड़ पाना आसान नहीं.
.
Tags: Bizarre news, OMG News, Trending news, Viral news, Weird news
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 15:27 IST








