
हाइलाइट्स
गर्मी के मौसम में कच्चे आम को कई तरह से खाया जाता है.
कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी में गुड़ का प्रयोग किया जाता है.
कच्चे आम की चटनी रेसिपी (Kacche Aam Ki Chutney Recipe): गर्मी के मौसम में पके रसीले आम का स्वाद तो सभी लेते हैं, इस सीजन में कच्चे आम का भी कई तरह से उपयोग किया जाता है. कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी पूरी गर्मियों के दौरान एक टेस्टी और हेल्दी फूड डिश के तौर पर तैयार की जाती है. कच्चे आम से बनने वाली चटनी को लंच या डिनर किसी भी वक्त सर्व किया जा सकता है. इसके अलावा स्नैक्स के साथ भी कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी का लुत्फ उठाया जा सकता है. बच्चे भी इस चटनी को काफी चटकारे लेकर खाते हैं.
आप भी अगर इस बार कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी को घर पर ही बनाकर खाना चाहते हैं, तो बेहद आसानी से इसे तैयार कर सकते हैं. मिनटों में तैयार होने वाली कच्चे आम की चटनी को आसान विधि का पालन कर बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं इसकी रेसिपी.
इसे भी पढ़ें: गर्मी में डिहाइड्रेशन से बचाएगा लीची का शरबत, तरोताज़ा करेंगे महसूस, बेहद आसान है बनाने का तरीका
कच्चे आम की चटनी बनाने के लिए सामग्री
कच्चे आम – 1/2 किलो
गुड़ – 250 ग्राम
सौंफ – 1 टी स्पून
जीरा – 1 टी स्पून
मेथी दाना सिका – 1/4 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर – 1 टी स्पून
हल्दी – 1/2 टी स्पून
काला नमक – 1 टी स्पून
भुना जीरा पाउडर – 1/2 टी स्पून
धनिया पाउडर – 1/2 टी स्पून
पुदीना पत्ते – 6-8
तेल – 2 टी स्पून
नमक – स्वादानुसार
कच्चे आम की चटनी बनाने की विधि
कच्चे आम की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले सही कच्चे आम (कैरी) का चुनाव करें. चटनी के लिए सख्त कैरी लें. इन्हें पहले पानी में डालकर धोएं. इसके बाद छिलनी की मदद से छिलके उतार लें. इसके बाद चाकू की मदद से कच्चे आम को लंबाई में काट लें. अब एक कड़ाही में तेल डालकर मीडियम आंच पर गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें सौफ, मेथी दाना और जीरा डालकर कुछ देर तक भूनें.
10-15 सेकंड तक मसाले भूनने के बाद इसमें कैरी के टुकड़े डालकर बड़ी चम्मच की मदद से मिलाएं. 3-4 मिनट तक इन्हें पकाने के बाद कड़ाही में धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालकर मिक्स करें. पुदीना पत्ते डालने के बाद आधा गिलास पानी डालें और कड़ाही को ढककर चटनी को पकने दें. जब कच्चे आम थोड़ा पक जाएं तो उसमें कुटा हुआ गुड़ डालें और मिलाकर दोबारा पकाएं.
इसे भी पढ़ें: गर्मी में पिएं पपीते से बनी 4 हेल्दी और टेस्टी स्मूदी, वजन घटाने में मिलेगी मदद, आसान है बनाने का तरीका
जब गुड़ पिघल जाए तो उसमें काला नमक और सादा नमक स्वादानुसार डालकर चम्मच की मदद से मिक्स करें. अब चटनी को तब तक पकाएं जब तक कि कच्चे आम पारदर्शी नजर न आने लगें. चटनी में आप अपने स्वाद के हिसाब से पानी कम या ज्यादा कर सकते हैं. चटनी पकने के बाद गैस बंद कर दें और ठंडी होने दें. ठंडी होने के बाद कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी सर्व करने के लिए तैयार है.
.
Tags: Food, Food Recipe, Lifestyle
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 19:16 IST








