Chhattisgarh News: पद्मश्री से सम्मानित कलाकार अब राजनीति में आजमाएंगे किस्मत, जाने इनका पूरा परिचय

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


रामकुमार नायक/महासमुंद. छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अनुज शर्मा का नाम सबसे ऊपर है. वैसे तो इनका पूरा नाम रामानुज शर्मा है. लेकिन अनुज शर्मा के नाम से जाने जाते हैं. छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सबसे लोकप्रिय नायक और आज के सुपर स्टार बहुमुखी प्रतिभा के धनी अनुज सदैव सक्रिय और अग्रणी रहे हैं. अनुज मंचीय कार्यक्रमों के भी अत्यंत लोकप्रिय और प्रसिद्ध कलाकार हैं. देश-विदेश में 1,000 से भी अधिक स्टेज शो किए हैं. अनुज शर्मा की पहली फिल्म मोर छइहां भुइयां कई फिल्मों का रिकार्ड तोड़ते हुए रायपुर की बाबूलाल टाकीज में 106 दिन लगातार पांच शो में चली थी. पद्मश्री अनुज शर्मा के नाम के साथ आज से ‘भाजपा नेता’ भी जुड़ गया है.

15 मई 1976 में छत्तीसगढ़ के भाटापारा में जन्में अनुज शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा भाटापारा में पूरी हुई, जिसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वे रायपुर की ओर रुख किया. वर्ष 1998 में उन्होंने स्नातकोत्तर कि उपाधि पूर्ण की. इस दौरान उन्होंने संगीत और गायकी की भी शिक्षा ली.

पहली फिल्म रही सुपर हिट
अनुज शर्मा ने 10 साल की उम्र में अभिनय और गायन शुरू किया था. गोदरेज में मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव के रूप में एक संक्षिप्त कार्यकाल के बाद वर्ष 2000 की फिल्म मोर छइयां भुइयां से अपनी शुरुआत की, जिसे छत्तीसगढ़ी फिल्म इतिहास के आधुनिक युग का पहला माना जाता है. यह फिल्म 106 दिन लगातार पांच शो में चली और सफलतापूर्वक 27 सप्ताह तक चल कर शोले और जय संतोषी मां जैसी फिल्मों के रिकार्ड तोड़े. साथ ही इनकी 10 फिल्मों ने 50 दिनों से अधिक प्रदर्शन का कीर्तिमान भी कायम किया है.

शुरुआती सफर
ई टीवी मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ी आरजे के अलावा छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपर स्टार अनुज ने अब तक लगभग 40 फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाई है. छत्तीसगढ़ी कि अब तक कि सबसे सफल चार सिल्वर जुबली फिल्मों में से चारों के नायक अनुज ही हैं. इसके साथ-साथ उन्होंने फिल्म निर्माण, निर्देशन तथा फिल्मों में गायन भी किया है. अपनी अभिनय कला और बहुमुखी प्रतिभा के चलते वे लोक-आंचलिक फिल्मों के अत्यंत चहेते एवं सफल कलाकार हैं.

आज भाजपा में प्रवेश
छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत, संस्कृति और भाषा में योगदान के लिए अनुज को भारत के तात्कालिन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने वर्ष 2014 में पद्मश्री से सम्मानित किया है. स्वच्छ भारत अभियान में अनुज को प्रदेश के नौ रत्नों में शामिल किया है. इसके साथ यूनिसेफ के सेलिब्रिटी एडवोकेट और नौ बार बेस्ट एक्टर पुरस्कार और बेस्ट प्ले बैक सिंगर से सम्मानित अनुज को संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा छत्तीसगढ़ी फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ नायक के पुरस्कार से नवाजा जा चुका है. पद्मश्री अनुज शर्मा ने आज भाजपा प्रवेश किया है. कला की दुनिया में अपने नाम का लोहा मनवाने वाले पद्मश्री अनुज शर्मा अब भाजपा के साथ जुड़कर अपनी किस्मत आजमाने वाले हैं.

.

FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 11:41 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें