
रविकांत कुमार/मधेपुरा.अगर आपका भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ा मामला लंबित पड़ा हुआ है तो अब चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि अब आपकी पंचायत में इसके निष्पादन के लिए 24 से 31 मई तक मेगा शिविर लगाया जाएगा. इस शिविर के माध्यम से किसानों की समस्या को सुनते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा. 31 मई के बाद प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित कोई भी मामला लंबित नहीं रहेगा.अगर 31 मई के बाद भी कोई मामला लंबित पाया जाता है तो संबंधित कर्मी व अधिकारी पर विभागीय कार्यवाही की जाएगी.
ढाई हजार पंजीकृत किसान हैं लाभ से वंचित
जिला कृषि पदाधिकारी राजन बालन ने बताया कि जिले में ढाई लाख लोग प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं, लेकिन ढाई हजार से अधिक लोग हाल के दिनों में इस योजना का लाभ लेने से वंचित हो गए हैं, क्योंकि उन्होंने अब तक अपना e-kyc नहीं कराया है. इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को अपने खाते से आधार लिंक कराना अनिवार्य होता है. इसके अलावा कई आवेदन विभिन्न कारणों से लंबित पड़े हैं.
शिविर में करवाएं मामले का निष्पादन
जिला कृषि पदाधिकारी राजन बालन ने किसानों से आग्रह करते हुए कहा है कि ऐसे किसान जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं, वह अपना भौतिक सत्यापन करा लें. साथ ही जो किसान इस योजना का लाभ अब तक नहीं ले पाए हैं, वह जल्दी से आवेदन कर दें, जबकि जिनका मामला लंबित पड़ा हुआ है वह सभी अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचे और अपने मामले का निष्पादन करवा कर इस योजना का लाभ लें. उन्होंने बताया कि शिविर में किसानों को किसान पंजीयन, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और जमीन से जुड़े दस्तावेज लेकर आना होगा.
.
Tags: Bihar News, Latest hindi news, Madhepura news
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 16:55 IST








