
दमोह. पथरिया विधायक रामबाई फिर चर्चा में हैं. इस बार भी उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है. वो पुलिस वालों को हड़का रही हैं और जनता की मददगार बनी हुई हैं. अब इस वीडियो को देखकर लोग अपनी अपनी राय रख रहे हैं.
दमोह जिले के पथरिया से बीएसपी विधायक रामबाई का एक वीडियो सामने आया है. विधायक का यह वीडियो अब तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वो बीच सड़क पर लोगों के हुजूम के बीच पुलिस अधिकारी से लोगों के पैसे वापस दिलवा रही हैं. देखकर पहले तो लगता है कि शायद किसी रिश्वतखोर पुलिसवाले को पकड़ कर उससे पैसे वापिस दिलवा रही हैं. लेकिन यहां तो मामला ही उल्टा है.
भीड़ देखकर रुक गयीं रामबाई
मामला दमोह के मगरोन कस्बे का है. पुलिस वाले अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद थे. वो वाहनों की चैकिंग कर रहे थे और बिना हेलमेट और सीट बेल्ट लगाए चालकों का चालान काट रहे थे. काफी देर से इस रास्ते पर ये चालानी कार्रवाई चल रही थी. इसलिए सड़क पर भीड़ लग गयी थी. बसपा विधायक रामबाई अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थीं. इसी बीच अपनी गाड़ी में सवार रामबाई भी वहां से गुजरीं. भीड़ देखी तो वो अपनी गाड़ी से उतरीं और लोगों की शिकायतें सुनने लगीं.
चालान के पैसे वापिस दिलवाए
विधायक तो आपा खो बैठीं. पहले तो उन्होंने चालान काट रहे पुलिस अधिकारी को जमकर फटकार लगाई. फिर उसके बाद जिन लोगों के चालान काटकर पुलिस ने पैसे लिए थे, वो पैसे भी वापस करा दिए. इतना ही नही विधायक ने पुलिस टीम को उस जगह से वापस भी करा दिया. पुलिस वालों को चेकिंग अभियान खत्म करना पड़ा.
पुलिस भी हैरान
बसपा विधायक का ये रूप नया नहीं है. बल्कि इससे पहले भी रामबाई जनता के बीच कभी सरपंच से तो कभी कृषि मंडी में किसानों को पैसे वापस दिला चुकी हैं. लेकिन इस बार तो अपनी ड्यूटी निभा रहे पुलिस अधिकारी को ही उन्होंने हड़का दिया.
.
Tags: BSP, BSP MLA, Damoh News, Madhya pradesh Police, Mp viral video
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 16:33 IST








