
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग-2023 (IPL 2023) में अब तक जिन गेंदबाजों ने खास असर छोड़ा हैं उनमें मोहम्मद शमी, राशिद खान, युजवेंद्र चहल, पीयूष चावला, वरुण चक्रवर्ती, तुषार देशपांडे, मोहित शर्मा, रवि बिश्नोई और मोहम्मद सिराज शामिल हैं. इनमें से कुछ खिलाड़ी जहां टीम को जरूरत पर विकेट दिलाने के मामले में चर्चा में रहे तो कुछ अपनी किफायती गेंदबाजी के कारण. मोहम्मद शमी, राशिद खान और मोहम्मद सिराज ऐसे गेंदबाज रहे जो दोनों ही मामलों में बेजोड़ रहे.
आईपीएल-2023 की प्लेऑफ की टीमें तय होने के बाद अब फैंस को राजस्थान रॉयल्स के युजवेंद्र चहल, कोलकाता नाइटराइडर्स के वरुण चक्रवर्ती और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को मो. सिराज का प्रदर्शन देखने को नहीं मिलेगा लेकिन इन सभी का अपनी टीम के शानदार प्रदर्शन में योगदान को अनदेखा नहीं किया जा सकता.
बॉलिंग में सिराज पर जरूरत से ज्यादा निर्भर रही RCB
आईपीएल के इस सीजन में जिस टीम के प्लेऑफ में नहीं पहुंचने पर क्रिकेटप्रेमियों का सबसे अधिक निराशा हुई वह आरसीबी (RCB) रही. आईपीएल में इस टीम के फाफ डु प्लेसी, विराट कोहली और ग्लेन मैक्सवेल जैस बैटरों ने रनों का अंबार लगाया लेकिन गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) पर जरूरत से अधिक निर्भरता इसे भारी पड़ी. दूसरे शब्दों में कहें तो बॉलिंग यूनिट में सिराज, आरसीबी की ‘वन मैन आर्मी’ रहे जिन्होंने विकेट लेने के अलावा किफायती गेंदबाजी की भी दोहरी जिम्मेदारी निभाई. सिराज ने 14 मैचों 19.73 के औसत से अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 19 विकेट (इकोनॉमी रेट 7.50 और स्ट्राइक रेट 15.7) लिए.
शमी, राशिद और चहल से बेहतर इकोनॉमी रेट
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियशिप के फाइनल की भारतीय टीम में शामिल सिराज आईपीएल-2023 में इकोनॉमी रेट (300 से अधिक गेंद फेंकने वाले बॉलर)के मामले में तो इस समय गुजरात टाइटंस के शमी (Mohammed Shami)और राशिद खान (Rashid Khan) से भी बेहतर हैं. 14 मैचों में 17.66 के औसत से 24 विकेट लेने वाले शमी का इकोनॉमी रेट इस समय 7.70 और शमी के बराबर ही मैचों में 24 ही विकेट लेने वाले राशिद (औसत 18.25) का इकोनॉमी 7.82 है.
शमी औ राशिद के बाद इस समय तीसरे नंबर पर मौजूद चहल (21 विकेट,इकोनॉमी 8.17), और 20 विकेट लेने वाले पीयूष चावला (इकोनॉमी 7.81), वरुण चक्रवर्ती (इकोनॉमी 8.14) और तुषार देशपांडे (इकोनॉमी 9.52) भी इकोनॉमी के मामले में सिराज के आगे नहीं ठहरते.
.
Tags: IPL 2023, Mohammed Shami, Mohammed siraj, Rashid khan
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 15:44 IST








