
धीरेन्द्र शुक्ला/चित्रकूट. सूरज के तीखे तेवर से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट (Chitrakoot) में लोगों का हाल बेहाल है. यहां गर्मी (Heat Wave) अपने चरम सीमा पर है. तापमान अधिक होने के कारण लोगों में बीमारियां बढ़ रही हैं. चित्रकूट जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में गर्मी और तपिश पीड़ित मरीजों की भीड़ लगी हुई है. डायरिया के शिकार छोटे बच्चे यहां लगातार भर्ती हो रहे हैं. इसके अलावा, जिला अस्पताल में दर्जनों मरीजों को भी भर्ती कराया गया है. ओपीडी में लगातार इलाज चल रहा है. डायरिया (Diarrhoea) ज्यादातर बच्चों और बुजुर्गों को प्रभावित कर रहा है. बढ़ती गर्मी को देखते हुए डॉक्टर ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
दिन में चित्रकूट का अधिकतम तापमान 45 डिग्री को छू जाता है. यह इस साल का सबसे अधिक गर्म दिन रहा. तेज धूप के कारण दिन के ज्यादातर वक्त बाजारों में सन्नाटा छाया रहता है. ऐसे में लोगों को अपना ख्याल रखना जरूरी है. बुंदेलखंड में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है जिसकी वजह से लोग दोपहर में सड़कों या बाजारों में दिखाई नहीं देते हैं.
सीएचसी और पीएचसी का हाल बेहाल
चित्रकूट के सीएचसी और पीएचसी की बात करें तो यहां भी हाल बेहाल है. भीषण गर्मी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार लोग बीमार हो कर अस्पतालों में पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों के मुताबिक ऐसे लोगों का इलाज किया जा रहा है. तापमान बढ़ने की वजह से बिजली भी बार-बार कट जाती है जिससे आमजन की परेशानी बढ़ गई है.
जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी भूपेंद्र ने बताया कि तापमान में बढ़ोतरी को देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. ऐसे में जरूरी है कि वो खाली पेट ना रहें, बासी भोजन का सेवन करने से बचें, बाहर के खुले में रखे फल न खाएं, गर्मी में आकर सीधा फ्रीज का ठंडा पानी ना पिएं, कानों को तौलिये से ढंक कर रखें. डायरिया के लक्षण होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में दिखाएं.
.
Tags: Chitrakoot News, Heat Wave, Rajasthan news in hindi, Weather Update
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 14:58 IST








