
हाइलाइट्स
NCB की विजिलेंस रिपोर्ट में समीर वानखेड़े के बारे में कई खुलासे.
समीर वानखेड़े ने 2017 और 2021 के बीच छह निजी विदेश यात्राएं कीं.
विजिलेंस रिपोर्ट में कहा गया कि वानखेड़े के मुंबई में चार फ्लैट हैं.
मुंबई. नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (Narcotics Control Bureau) की विजिलेंस रिपोर्ट (vigilance report) ने समीर वानखेड़े (Sameer Wankhede) के बारे में कई खुलासे किए हैं. वानखेड़े एनसीबी के पूर्व मुंबई जोन प्रमुख थे और रिया चक्रवर्ती और आर्यन खान (Aryan Khan) सहित कई हाई-प्रोफाइल मामलों में जांच को लीड कर रहे थे. ड्रग्स के मामले में आर्यन खान को फंसाने के लिए शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) से कथित रूप से 25 करोड़ रुपये की घूस मांगने के आरोप में वानखेड़े के खिलाफ सीबीआई जांच के बीच ये विजिलेंस रिपोर्ट आई है. विजिलेंस रिपोर्ट में बताया गया है कि समीर वानखेड़े ने 2017 और 2021 के बीच छह निजी विदेश यात्राएं कीं. उनके डस्टिनेशन में ब्रिटेन, आयरलैंड, पुर्तगाल, दक्षिण अफ्रीका और मालदीव शामिल थे.
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की एक खबर में कहा गया है कि विजिलेंस की रिपोर्ट के मुताबिक इन विदेश यात्राओं के लिए समीर वानखेड़े ने 8.75 लाख रुपये खर्च किए. जो विजिलेंस रिपोर्ट के मुताबिक वास्तविक खर्च से काफी कम है. लंदन की 19 दिनों की यात्रा के लिए वानखेड़े ने 1 लाख का खर्च दिखाया और कहा कि वह वहां रिश्तेदारों के साथ रहे. वानखेड़े ने कथित तौर पर 17,40,000 रुपये (वास्तविक कीमत 22,05,000 रुपये) में एक रोलेक्स गोल्ड घड़ी खरीदी और एक ही घड़ी के लिए एक से अधिक चालान थे. विजिलेंस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वानखेड़े के मुंबई में चार फ्लैट हैं. इस पर समीर वानखेड़े ने कहा कि वास्तव में उनके पास मुंबई में चार नहीं बल्कि छह संपत्तियां हैं और सभी विरासत में मिली हैं.
समीर वानखेड़े के खिलाफ सीबीआई ने दर्ज की FIR, आर्यन खान मामले में 50 लाख वसूलने के लगे आरोप
पूजा डडलानी ने दिया था वानखेड़े के खिलाफ बयान
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की विजिलेंस रिपोर्ट रिपोर्ट में कहा गया है कि समीर वानखेड़े के खिलाफ सीबीआई की एफआईआर में एनसीबी के पूर्व अधिकारी पर शाहरुख खान से 25 करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगाया गया था, जो शाहरुख खान की मैनेजर पूजा डडलानी के बयान पर आधारित था. डडलानी ने कथित तौर पर कॉर्डेलिया क्रूज पर छापा मारने और आर्यन खान को गिरफ्तार किए जाने के बाद 50 लाख रुपये का एक बैग सौंप दिया था. सीबीआई की एफआईआर में कहा गया है कि समीर वानखेड़े ने आर्यन खान मामले में एक स्वतंत्र गवाह केपी गोसावी को फ्रीहैंड दिया और आर्यन खान को गोसावी की कार में एनसीबी कार्यालय लाया गया. सीबीआई ने दावा किया कि सिद्धार्थ शाह ने कथित तौर पर आर्यन खान के पुराने दोस्त अरबाज मर्चेंट को चरस की सप्लाई की थी, लेकिन सिद्धार्थ को रिहा कर दिया गया था.
.
Tags: Aryan Khan, Narcotics Control Bureau, Sameer Wankhede, Shah rukh khan
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 11:32 IST








