
अभिनव कुमार/दरभंगा. जिले में अगर आपको स्वादिष्ट और भरपेट भोजन करना है, तो आपके लिए श्यामा माई का दरबार खुला हुआ है. जिले की सुप्रसिद्ध श्यामा माई मंदिर परिसर में श्यामा न्यास समिति की ओर से सस्ते दरों पर श्यामा थाली मिलती है. खास बात यह है कि मात्र 25 रुपए में भरपेट खाना मिल जाएगा. प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के व्यंजन यहां खिलाएं जाते हैं.
सुबह 10:30 से 11:00 तक मुफ्त में खिलाया जाता है खाना
इस श्यामा थाली की खास बात यह है कि सुबह 10:30 से 11:00 तक जितने भी लोग इस काउंटर पर खाने के लिए पहुंच सकते हैं, उन्हें बिल्कुल मुफ्त में खाना खिलाया जाता है. श्यामा थाली के आयोजन शुरू होने के साथ ही बिहार के कई जिलों से लोग यहां पहुंच रहे हैं. सहरसा से आई रेखा देवी बताती हैं कि बहुत ही सस्ते दामों में भरपेट खाना और स्वादिष्ट खाना यहां मिलता है.
श्यामा न्यास समिति के पूर्व प्रबंधक डॉ. हेमकांत राय बताते हैं कि सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कम से कम कीमत पर श्यामा थली की व्यवस्था हम लोगों के द्वारा करवाई जाए. जिसमें भरपेट भोजन लोगों को मिल सके. यहां 7 दिनों का अलग-अलग मेन्यू है. कौन से दिन किस प्रकार का भोजन बनाना है, वह तय कर लिया गया है. रोजाना यहां करीब 200 लोग भोजन कर रहे हैं.
हफ्ते का मेन्यू होता है पहले से तय
अगर हम श्यामा थाली के मेन्यू की बात करें तो रविवार को चावल, दाल, मिक्स सब्जी, भुजिया और आचार खिलाया जाता है. सोमवार को चावल, दाल, सब्जी, भुजिया और आचार, मंगलवार को चावल, दाल के साथ मटर पनीर की सब्जी और भुजिया मिलती है.. बुधवार को चावल, दाल, आलू चना की सब्जी, भुजिया, अचार और गुरुवार को चावल, बेसन कढ़ी, भुजिया और आचार मिलता है. वहीं शनिवार को मिक्स सब्जी की खिचड़ी, चोखा, पापड़ आचार इस श्यामा थाली में लोगों को दिया जाता है.
.
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 17:45 IST








