
पटना. बागेश्वर धाम वाले बाबा धीरेंद्र शास्त्री पर बिहार पुलिस जुर्माना लगा सकती है. दरअसल पूरा मामला ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से जुड़ा हुआ है. बागेश्वर धाम वाले देवेंद्र शास्त्री पिछले चार दिनों से बिहार की राजधानी पटना से सटे तरेत पाली में हनुमान कथा का आयोजन कर रहे हैं. इस दौरान कहा जा रहा है कि जिस दिन बागेश्वर धाम बाबा वीरेंद्र शास्त्री पटना पहुंचे थे तो पटना स्थित एयरपोर्ट से गांधी मैदान स्थित होटल पनाश जाने के क्रम में उन्होंने ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं किया था.
बताया जा रहा है कि जिस गाड़ी में बागेश्वर धाम वाले बाबा बैठे थे, उस गाड़ी को बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ड्राइव कर रहे थे लेकिन इस दौरान ना तो बागेश्वर धाम वाले बाबा और नहीं बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी ने सीट बेल्ट लगाई थी. इसको लेकर अब ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई की तैयारी में है.
इस मामले में जब पटना ट्रैफिक एसपी पूरन कुमार झा से बात की गई तो उन्होंने बताया है कि उन्हें कुछ मीडियाकर्मियों के द्वारा सूचित किया गया है कि बागेश्वर बाबा ने पटना में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया है. इसको लेकर उन्होंने डीएसपी स्तर के अधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं. जांच में अगर कोई ऐसी बात सामने आती है तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. पटना की ट्रैफिक पुलिस यह जांच कर रही है कि बाबा बागेश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री और सांसद मनोज तिवारी ने पटना एयरपोर्ट से पनाश होटल जाने के दौरान सीट बेल्ट लगाया था या नहीं. पटना के ट्रैफिक एसपी ने इसके जांच के आदेश दिए हैं.








