
हिमांशु अग्रवाल/छतरपुर: यूं तो बेटियां हर घर का चिराग होती हैं, लेकिन आज भी कई ऐसे परिवार हैं जिन्हें आर्थिक परिस्थितियों या अन्य किसी समस्या के चलते बेटियों का विवाह करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में छतरपुर की स्वयंसेवी संस्था संगम सेवालय ये नेक कार्य कर रही है.
संस्था ने पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी दो कन्याओं का न सिर्फ विवाह किया बल्कि बेटियों को उनके पारिवारिक जीवन की जरूरत अनुसार उपहार सामग्री भी भेंट की. विवाह कार्यक्रम का आयोजन सादा और सरल तरीके से पूर्ण किया गया, जिसमें छतरपुर रेंज के डीआईजी ललित शाक्यवार भी शामिल हुए.
गरीब परिवार की इन दोनों कन्याओं के विवाह में एक कन्या की माता नहीं है, जबकि दूसरी कन्या के पिता नहीं हैं. छतरपुर के ऑडिटोरियम हॉल में शनिवार को इन दोनों कन्याओं का विवाह संपन्न कराया गया और उपहार स्वरूप रोजमर्रा की जरूरत में आने वाले सभी सामान दिए गए.
‘कन्यादान से बढ़कर कोई दान नहीं’
संस्था की सदस्य अंजू अवस्थी ने बताया कि आज की चकाचौंध भरी दुनिया से अलग हटकर इन दोनों कन्याओं के विवाह साधारण तरीके से करवाए गए हैं और इसमें किसी तरह का फालतू खर्च नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि हम यह कार्यक्रम लगातार करते रहें. कन्यादान से बढ़कर कोई भी दान नहीं है. इस कार्य के लिए प्रेरणा उन्हें अपने गुरु जी से मिली है, जिनके आशीर्वाद और कृपा से यह कार्य संपन्न कराया गया. समाज के कल्याण के लिए होने वाले कार्यों में संगम सेवालाल के अन्य कई सदस्य भी सहयोग करते हैं और निर्धन असहाय कन्याओं का निशुल्क विवाह करवाते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 21:09 IST








