करोड़ों की जमीन के लिये हत्या, 3 लाख की सुपारी देकर करवाया मर्डर, 17 दिन बाद पकड़े गए शूटर्स

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना. पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के बिस्कोमान कॉलोनी में बीते 18 अप्रैल को दिनदहाड़े हुए प्रॉपर्टी डीलर अर्जुन सिंह की हुई हत्या मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी विजय यादव द्वारा ही तीन लाख की सुपारी देकर शूटरों के माध्यम से अर्जुन सिंह की हत्या कराई गई थी. पुलिस ने हत्याकांड में संलिप्त तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं शूटरो को मदद पहुंचाने वाले दो अन्य अपराधियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

गिरफ्तार पांचों अपराधियों के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक लोडेड पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल के अलावे एक अपाचे मोटरसाइकिल और 5 मोबाइल भी बरामद किया है. पटना सिटी पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिटी एसपी पटना पूर्वी संदीप सिंह ने बताया कि हत्याकांड के बाद पटना एसएसपी के विशेष दिशा निर्देश पर पटना सिटी एएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. उन्होंने बताया कि टीम के सदस्यों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से कांड का सफल उद्भेदन कर लिया.

सिटी एसपी ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर अर्जुन सिंह का पड़ोसी विजय यादव के साथ लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था, और विवाद के क्रम में ही विजय यादव द्वारा तीन लाख की सुपारी देकर अर्जुन सिंह की हत्या करा दी गई. सिटी एसपी का कहना था कि करोड़ों रुपए मूल्य की जमीन को लेकर पूर्व में विजय यादव द्वारा अर्जुन सिंह पर गोली चलाये जाने का आरोप लगाया गया था. सिटी एसपी ने बताया कि अर्जुन सिंह को गोली नालंदा जिले के चिकसौरा निवासी शूटर सूरज कुमार और अगमकुआं के धनुकी निवासी शूटर आशिक उर्फ छोटू ने मारी थी, वहीं तीसरा शूटर अभिनंदन कुमार पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग कर रहा था.

आपके शहर से (पटना)

धनरूआ निवासी बिट्टू कुमार और मसौढ़ी निवासी नीतीश कुमार ने शूटरों को हत्या कराने में मदद पहुंचाई थी. सिटी एसपी ने जल्द ही हत्याकांड के साजिशकर्ता विजय यादव को भी गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है. फिलहाल पुलिस हत्याकांड के मास्टरमाइंड विजय यादव की गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान में जुटी है.

Tags: Bihar News, Crime In Bihar, Crime News, PATNA NEWS

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें