कौशाम्बी। कोखराज थाना क्षेत्र के कशिया पश्चिम में नौढ़िया रोड के किनारे आम की बाग में पीपल के पेड़ के नीचे एक अज्ञात बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, कुछ ग्रामीण शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उन्हें बाग में एक बुजुर्ग व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी। इसके बाद कोखराज थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही कोखराज थाना प्रभारी संतोष शर्मा और सिराथू क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास मौजूद ग्रामीणों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल बुजुर्ग की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मृतक की पहचान कराने और मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।








