कौशांबी— गांव के बच्चों की गुहार पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए चक अहमदीपुर गांव में प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गांव की गलियों में स्ट्रीट लाइटें लगवाने की व्यवस्था कराई।
मामला मंझनपुर तहसील क्षेत्र के चक अहमदीपुर गांव का है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव की कई गलियों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम के बाद आवागमन में परेशानी होती थी। इसी समस्या को लेकर गांव के बच्चों ने अपनी बात जिलाधिकारी तक पहुंचाई।
बच्चों की गुहार को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्ट्रीट लाइटें लगवाने का कार्य कराया।
डीएम ने कहा कि गांव में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होने से गलियां रोशन रहेंगी और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में भी खुशी का माहौल है।








