जिला पंचायत में हाईमास्ट लाइट लगाने के प्रस्ताव को लेकर विवाद, डीएम से शिकायत

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कौशाम्बी

कौशाम्बी। जिला पंचायत कौशाम्बी में सदन की बैठक में पारित हाईमास्ट लाइट लगाने के संकल्प के बावजूद निर्धारित स्थानों पर लाइटें नहीं लगाए जाने का मामला सामने आया है। जिला पंचायत के सदस्यों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई और पारित संकल्प के अनुसार ही हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की है।
शिकायत में सदस्यों ने आरोप लगाया है कि सदन की बैठक में जिले के विभिन्न स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन उसके अनुरूप कार्य नहीं कराया जा रहा है।
पत्र में उत्तर प्रदेश जिला पंचायत (कार्यविधियों का संचालन) नियमावली-1962 के नियम-39 का हवाला देते हुए कहा गया है कि जिला पंचायत द्वारा पारित संकल्प की प्रति निर्धारित समय में जिला मजिस्ट्रेट एवं मंडलायुक्त को भेजी जानी चाहिए। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि फरवरी 2026 में आयोजित अंतिम बैठक के संकल्पों को लेकर भी इस प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ।
सदस्यों ने जिला पंचायत निर्माण कार्य नियमावली-1984 के नियमों का हवाला देते हुए निर्माण कार्य से पहले नक्शा, 3-डी फोटो सहित आवश्यक विवरण अभिलेख में दर्ज कराने की बात कही है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सदस्यों द्वारा हाईमास्ट लगाने के लिए स्थानों का चयन पहले ही किया गया था, लेकिन बाद में प्रस्तावित स्थानों में बदलाव किया जा रहा है। सदस्यों ने इसे सदन में पारित संकल्प के विपरीत बताया है।
इसके अलावा पत्र में जिला पंचायत में प्रशासक की नियुक्ति के बाद नए कार्य और टेंडर से संबंधित शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए टेंडर प्रक्रिया और कार्यादेश को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
सदस्यों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर सदन में पारित स्थानों पर ही हाईमास्ट लाइट लगाए जाने के निर्देश जारी करने की मांग की है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें