प्रयागराज में चिराग पासवान का युवाओं से संवाद, बोले- अपने भविष्य का फैसला खुद लें, 2027 में यूपी चुनाव लड़ेगी LJP

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

प्रयागराज : संगम नगरी प्रयागराज में आयोजित ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने युवाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान संवाद के जरिए ही निकाला जा सकता है। चिराग ने कहा कि वह कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री की हैसियत से नहीं, बल्कि युवाओं के बड़े भाई के रूप में पहुंचे हैं।

चिराग पासवान ने युवाओं से अपने भविष्य की जिम्मेदारी खुद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई दूसरा उनके भविष्य का फैसला न करे। युवाओं को खुद से सवाल करना चाहिए कि उन्हें क्या बनना है और अपने हुनर को पहचानकर उसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस दिन युवा अपने हुनर और सपनों को पहचानकर आगे बढ़ने लगेंगे, उन्हें कोई रोक नहीं पाएगा।

चिराग पासवान ने पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने के मुद्दे को युवाओं के अधिकारों से जोड़ते हुए कहा कि इससे अभ्यर्थियों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा की तारीख बदली जाती है तो परीक्षा कराने वाली संस्था को अभ्यर्थियों के आने-जाने और ठहरने की व्यवस्था अपने खर्च पर करनी चाहिए। वहीं, परीक्षा रद्द होने की स्थिति में उस प्रयास को अटेम्प्ट में नहीं गिना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में बदलाव को लेकर युवाओं से भी राय ली जानी चाहिए। युवाओं के अधिकारों पर खुलकर चर्चा करने की जरूरत है।

चिराग पासवान ने राष्ट्रीय युवा आयोग के गठन की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि बिहार में युवा आयोग का गठन किया गया है और उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में भी ऐसा आयोग होना चाहिए। ऐसा मंच होना चाहिए, जहां युवा अपनी समस्याएं लेकर जाएं और समाधान लेकर वापस लौटें।
उन्होंने निजी संस्थानों और व्यवस्थाओं में छात्रों की स्थिति पर भी चिंता जताई। दिल्ली में बिल्डिंग गिरने की घटना का जिक्र करते हुए चिराग ने कहा कि कई निजी व्यवस्थाओं में छात्रों को बेहद अधिक संख्या में रखा जाता है। ऐसी व्यवस्थाओं की सख्त निगरानी की जरूरत है।

चिराग पासवान ने युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्टार्टअप और व्यवसाय से जोड़ने की दिशा में योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उनका कहना था कि युवाओं को खुद को इस तरह तैयार करना चाहिए कि वे आगे चलकर दूसरे युवाओं को भी रोजगार दे सकें।

चिराग पासवान ने कहा कि युवाओं का राजनीति में आना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक युवा राजनीति में सक्रिय भागीदारी नहीं करेंगे, तब तक दूसरे लोग उनके भविष्य से जुड़े फैसले लेते रहेंगे। उन्होंने डॉक्टर, इंजीनियर, कलाकार और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों से राजनीति में आने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान चिराग पासवान ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चुनाव लड़ने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक भागीदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें